DM ऑफिस में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल, LIVE आकर आत्मदाह की कोशिश; पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
एटा में डीएम कार्यालय के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया. युवक ने पुलिस पर झूठे मामले में फंसाने और लाखों रिश्वत लेने का आरोप लगाया. हालांकि, एटा एसएसपी ने युवक को मानसिक विक्षिप्त करार दिया है.
एटा जिले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने जिलाधिकारी (DM) कार्यालय परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया. मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को आग लगाने से पहले ही पकड़ लिया और बड़ा हादसा टाल दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, मिरहची थाना क्षेत्र के नगला हिमालय गांव निवासी राहुल सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचा. वहां उसने अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर लाइव शुरू किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया. आरोप है कि उसे झूठे मामले में जेल भेज गया था, और पुलिस ने 3.85 लाख रुपये भी वसूल लिए.
डीएम कार्यालय परिसर में मचा अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, य़ुवक ने जैसे ही आग लगाने की कोशिश करने लगा, डीएम कार्यालय पर तैनात सुरक्षा गार्ड और पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और सुरक्षित बचा लिया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली. घटना के बाद डीएम कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था.
राहुल नामक युवक ने ने थाना पुलिस पर उसको झूठे मामले में लगभग 8 महीने पहले जेल भेजने और भ्रस्टाचार करके 385000 रुपये लेने के गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं, एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने युवक के आरोपों को सिरे से खारिज किया. साथ ही बताया कि आत्मदाह की कोशिश करने वाला संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है.
पत्नी को प्रताड़ित करने में जा चुका है जेल- SSP
एसएसपी डॉ. इलामारन जी बताया कि राहुल पहले अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ित करने के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस के अनुसार, मृतक पत्नी का एक वीडियो भी मिला है, जिसमें उसने अपने पति पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच चल रही है. जांच होने के बाद कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट -अभिषेक पचौरी, टीवी9, एटा