ग्रेटर नोएडा: सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में मिला कारोबारी का शव, पास में पड़ा था तमंचा
ग्रेटर नोएडा में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव अपनी स्कॉर्पियो कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. उनके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है. पुलिस को देर रात गश्त के दौरान सड़क किनारे खड़ी कार मिली. फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो कार के अंदर एक कारोबारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. मृतक चालक सीट पर खून से लथपथ पड़ा था जबकि उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है. फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात सूरजपुर थाना क्षेत्र के डेल्टा-3 स्थित ओ ब्लॉक सर्विस रोड पर पुलिस की लेपर्ड टीम गश्त कर रही थी. इसी दौरान साइन मंदिर गोल चक्कर से डेल्टा-3 तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक स्कॉर्पियो खड़ी दिखाई दी. वाहन की आगे और पीछे की लाइटें जल रही थीं. दरवादा खोला तो पुलिस दंग रह गई.
जब पुलिस ने कार का दरवाजा खोला तो…
पुलिस के मुताबिक, काफी देर तक कार में कोई हलचल नहीं हुई. पुलिसकर्मी ने चालक को आवाज़ लगाई लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद जब पुलिस ने कार का दरवाजा खोला तो चालक सीट पर बैठे युवक के शरीर से खून बह रहा था, उसके पास एक तमंचा भी पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थस से फिंगरप्रिंट, ब्लड सैंपल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं. फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
मृतक बुलंदशहर का रहने वाला, एक बेटी है
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 36 वर्षीय सरोज, पुत्र प्रेमराज, के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बुलंदशहर के जुमरथपुर गांव का रहने वाला था. वह सूरजपुर स्थित मिशन ग्रीन सोसाइटी में परिवार के साथ रह रहा था और प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ा था. उसकी शादी सात साल पहले हुई थी और उसके एक बच्चे हैं.
घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. अगर यह आत्महत्या है तो सरोज देर रात सुनसान सड़क पर कार में क्यों पहुंचा? वहीं हत्या हुई है तो वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया? कार से तमंचा मिलने के बाद मामला और भी उलझ गया है. पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगाली जा रही है और मामले के खुलासे के लिए कई टीमें जांच में जुटी हैं.