इटावा में मां-बेटी की गला रेत कर हत्या, घर में खून से लथपथ मिली लाश; दरवाजा दो दिन से था बंद

इटावा के चंदेठी गांव में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है. दो दिन से बंद घर से मां-बेटी की खून से लथपथ शव मिले हैं. दोनों शव के गले पर धारदार हथियार के निशान थे. दूध पहुंचाने वाले को तीसरे दिन भी घर का दरवाजा बंद मिलने पर शक हुआ था.

चंदेठी गांव में डबल मर्डर: मां-बेटी की निर्मम हत्या Image Credit:

उत्तर प्रदेश इटावा के भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव में रविवार रात मां-बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई. घर के अंदर पुष्पा देवी यादव और उनकी बेटी निर्मला देवी यादव उर्फ मंजू यादव के शव मिले. दोनों के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले करीब दो दिनों से दूधिया घर पर दूध देने पहुंच रहा था, लेकिन हर बार दरवाजा बंद मिलता था. किसी तरह की हलचल नहीं होने पर उसे संदेह हुआ. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया गया. अंदर मां-बेटी के शव पड़े मिले, जिसके बाद सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची.

दोनों मृतकों के गले पर धारदार हथियार से वार

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना नंदू उर्फ अर्पित यादव पुत्र सुरेश चंद्र, निवासी चंदेठी, थाना भरथना ने नोएडा से दी. सूचना मिलते ही भरथना थाना पुलिस और सभी वरिष्ठ अधिकारी तत्काल गांव पहुंचे. पुलिस टीम ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई गई.

एसएसपी के मुताबिक, दोनों मृतकों के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं. शुरुआती जांच में हत्या में धारदार हथियार के इस्तेमाल की बात सामने आई है. घटनास्थल पर किसी सामान से छेड़छाड़ नहीं मिली है. पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित करते हुए वारदात के घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.

स्वतंत्रता दिवस की शाम दोनों की हुई होगी हत्या

पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण में घर के सामान से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं मिली है. इससे पुलिस हत्या के पीछे लूटपाट के अलावा अन्य कारणों की भी जांच कर रही है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मां-बेटी के घर में आखिरी बार कौन-कौन लोग पहुंचे थे.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त की शाम के आसपास हुई हो सकती है. हालांकि घटना का सही समय अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. दो दिनों से घर का दरवाजा बंद मिलने की जानकारी के आधार पर पुलिस समय-क्रम की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है.

ससुराल पर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, पुष्पा देवी के पति का नाम सुरेश चंद्र बताया गया है. उनके दो बेटे हैं, जो नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं. एक बेटा पुणे और दूसरा नोएडा में रहता है, जिसने पुलिस को मामले की सूचना दी थी. मां और बहन की हत्या की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस परिजनों से भी लगातार जानकारी जुटा रही है.

प्रारंभिक पूछताछ में ग्रामीणों और परिजनों ने निर्मला देवी उर्फ मंजू यादव के ससुरालीजनों पर हत्या की आशंका जताई है. मां-बेटी की हत्या के बाद चंदेठी गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि अभी हत्या के कारण और आरोपी को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

Follow Us