Insta पर कौन भेज रहा था अश्लील मैसेज? बदनामी से आहत महिला ने लगाई फांसी, पहुंची पुलिस
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक विवाहिता ने फेक इंस्टाग्राम आईडी से मिल रहे अश्लील मैसेज और आपत्तिजनक स्टेटस के कारण आत्महत्या कर ली. बदनामी के डर से आहत महिला ने यह कदम उठाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जिसमें फेक आईडी की पहचान और साइबर उत्पीड़न के पीछे के दोषियों को पकड़ने पर जोर दिया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगा ली. आरोप है कि युवती को इंस्टा पर कोई फेक आईडी से अश्लील मैसेज भेज रहा था. आपत्तिजनक बातें लिखकर स्टेटस लगा रहता है. जानकारी होने पर विवाहिता को गहरा सदमा लगा और उसने सुसाइड कर लिया. यह घटना रविवार की रात करीब आठ बजे इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में अड्डा संतोषपुर की है. मृतका की पहचान सपना पत्नी संदीप उर्फ बबलू के रूप में हुई है.
परिवार का आरोप है कि फेक इंस्टाग्राम आईडी से सपना को लगातार अश्लील मैसेज भेजे जा रहे थे. उसकी फोटो पर आपत्तिजनक बातें लिखकर स्टेटस लगाए जा रहे थे. पुलिस की पूछताछ में सपना के पति संदीप ने परिवार की ही महिलाओं पर आरोप लगाए हैं. कहा कि शनिवार को परिवार की ही आरती ने उसकी मां और पत्नी सपना के साथ बिना किसी बात के मारपीट की थी. बाद में मामला सुलझा लिया गया था.
मारपीट के बाद आने लगे मैसेज
संदीप के मुताबिक झगड़े के बाद से ही किसी फेक आईडी से सपना को मैसेज आने लगे थे. ये मैसेज काफी अश्लील और आपत्तिजनक थे. ऐसे में सपना ने इस आईडी को ब्लाक कर दिया. इसके बाद उस आईडी से सपना की फोटो पर आपत्तिजनक और अशब्द लिखकर स्टेटस पर लगाया जाने लगा. परिवार ने आईडी के पीछे मौजूद व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.
बदनामी से आहत थी सपना
परिवार का कहना है कि सोशल मीडिया पर फोटो के साथ आपत्तिजनक बातें वायरल किए जाने से सपना काफी आहत थी. उसे अपनी बदनामी की चिंता सता रही थी. परिजनों के अनुसार इसी मानसिक परेशानी के बीच रविवार रात उसने पति को घर का सामान लेने के लिए बाजार भेजा और खुद कमरे में फांसी लगा ली. वह सामान लेकर घर लौटा तो देखा कि उसकी मां और बच्चे रो रहे थे. उसकी मां ने ही बताया कि सपना ने फांसी लगा ली है.
जांच में जुटी इटावा पुलिस
परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी के मुताबिक परिवार की तहरीर और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस उस फेक आईडी की जांच कर रही है, जिससे भेजे गए मैसेज के बाद सपना ने सुसाइड किया है.