पिता कैसे बना हैवान? पत्नी की गोद से छीनी 5 महीने की बेटी, जमीन पर पटका; हुई मौत
इटावा में एक शराबी पिता ने अपनी 5 महीने की बेटी को पत्नी की गोद से छीनकर दीवार पर पटक कर मार डाला. नशे में धुत आरोपी ने बेटे को भी फेंका, जो घायल है. आरोपी की पत्नी ने बताया कि पति शराब के नशे में तलाक की धमकी दे रहा था और उसका अन्य महिला से संबंध है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कहा तो जाता है कि पिता की छांव तले बेटियां सुरक्षित होती है, लेकिन उत्तर प्रदेश इटावा में एक बाप अपनी ही मासूम बेटी के लिए हैवान बन गया. इस बाप ने अपनी पत्नी की गोद से 5 महीने की बेटी को झपट लिया और देखते ही देखते दीवार पर पटक कर उसकी जान ले ली. आरोपी ने अपने बेटे को भी उठाकर जमीन पर पटक दिया, लेकिन गनीमत रही कि उसकी जान बच गई है. फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दिल दहला देने वाली ये वारदात इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में बिहारीपुरा गांव का है. इस संबंध में आरोपी की पत्नी ने पुलिस में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है. पीड़ित मां मोहिनी उर्फ प्रियंका राजपूत ने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2022 में उसके पहले पति की मौत हो गई थी. इसके बाद परिवार वालों के दबाव में उसने साल 2023 में आरोपी नारायण पुत्र जगदीश के साथ दूसरी शादी की थी. आरोपी उसके पहले पति का भाई ही है.
सोमवार रात की है घटना
मोहिनी के मुताबिक सोमवार की रात करीब 10 बजे उसने अपने बेटे को खिला पिला कर सुला दिया था. वहीं पांच महीने की बेटी को गोद में सुलाने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान आरोपी पति नारायण शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और झगड़ा करने लगा. देखते ही देखते विवाद काफी बढ़ गया. इसी दौरान आरोपी ने उसे अपशब्द कहते हुए तलाक की धमकी दी और उसकी गोद से बेटी को छीनकर दीवार पर पटक दिया. इस घटना में बेटी का सिर फट गया और मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने सोते हुए बेटे शिवांश को भी उठाकर जमीन पर पटक दिया.
पत्नी ने लगाए ये भी आरोप
मोहिनी ने पति के साथ ससुरालियों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया. कहा कि वारदात के बाद उसका पति बच्ची के शव को कहीं ले जाने की कोशिश कर रहा था, उसने रोका तो उसे धमकी दी गई. पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति के किसी अन्य महिला के साथ भी संपर्क हैं. उसी के प्रभाव में आकर वह उसे तलाक देने की बात कह रहा था. जसवंतनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.