50 हजार का इनामी, 34 से ज्यादा केस… शामली एनकाउंटर में शार्प शूटर मेहताब उर्फ बेचैन ढेर
शामली में यूपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी शार्प शूटर मेहताब उर्फ बेचैन ढेर हो गया. उसके खिलाफ लूट, हत्या और रंगदारी सहित 34 से अधिक मामले दर्ज थे. इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल भी हुआ. जबकि मेहताब का साथी फरार हो गया.
उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने शुक्रवार को एनकाउंटर में 50 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात शार्प शूटर मेहताब उर्फ बेचैन को मार गिराया. जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा. इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बाबरी और आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के बीच सूचना मिली थी कि दो बदमाश एक वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं और बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी गई. पुलिस ने जब बाइक सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी थी.
बदमाशों ने पुलिस टीम पर कार्बाइन से किया हमला
दरअसल, देर रात आदर्श मंडी क्षेत्र में एक किसान से लूट की वारदात के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी थी. इसी दौरान मेरठ की ओर भाग रहे मेहताब और उसके साथी का कांधला थाना क्षेत्र की खंद्रावली पुलिस चौकी के पास पुलिस से सामना हो गया. करीब 12KM तक चली पीछा-पकड़ी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की.
बदमाशों ने पुलिस टीम पर कार्बाइन से हमला बोला था, जिसमें दरोगा दीपचंद गोली लगने से घायल हो गए. वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मेहताब गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयब रहा.
34 आपराधिक मुकदमे, 50 हजार रुपये का इनामी
पुलिस को मुठभेड़ स्थल से बदमाशों के कब्जे से एक कार्बाइन, 9 एमएम पिस्टल, बड़ी संख्या में जिंदा और खोखे कारतूस, बिना नंबर की बाइक, लूटा गया मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ है. पुलिस के मुताबिक, मेहताब उर्फ बेचैन पहले पश्चिमी यूपी के कुख्यात अपराधी मुकीम काला गैंग का सक्रिय शूटर था. उसपर 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे.
मेहताब, मूल रूप से कैराना का रहने वाला था और लंबे समय से फरार चल रहा था. उस पर सहारनपुर रेंज के DIG की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर समेत 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वह शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत के अलावा दिल्ली और उत्तराखंड में भी कई संगीन मामलों में वांछित था.
मेहताब 2017 से सहारनपुर में छिपकर रह रहा था
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मेहताब साल 2017 से सहारनपुर में छिपकर रह रहा था. हाल के दिनों में भी वह कई वारदातों में शामिल रहा था.1 मार्च को पानीपत में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी से सोने के कुंडल लूटे थे. इसके अलावा मार्च 2026 में उसने शामली के थानाभवन क्षेत्र में एक शुगर मिल के सहायक प्रबंधक से भी लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था.
इस मुठभेड़ के साथ ही मुकीम काला गैंग के बाद खड़े हुए इस नेटवर्क को भी बड़ा झटका लगा है. देर रात शामली के आदर्श मंडी क्षेत्र में किसान से लूट की ताजा वारदात को अंजाम देने के बाद वह मेरठ की ओर भाग रहा था, लेकिन पुलिस की नाकेबंदी में फंस गया और मुठभेड़ में मारा गया. पुलिस अब फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.