जमीनी विवाद में दबंगों ने पत्नी को उठा लिया… पीड़ित पति ने SSP दफ्तर में खाया जहर
इटावा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां SSP कार्यालय में एक युवक ने जहर खा लिया. इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा गया. गंभीर हालत में युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है. आरोप है कि दबंगों ने जमीनी विवाद में उसकी पत्नी को उठा लिया, पुलिस एक महीने से हाथ-पे-हाथ धरे बैठी है.
इटावा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय में सोमवार उस समय हड़कंप मच गया, जब अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की. इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और फरियादियों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया.
पीड़ित की पहचान शिशुपाल सिंह निवासी ग्राम रायपुर, थाना इकदिल के रूप में हुई है. अस्पताल में भर्ती शिशुपाल ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि दबंगों ने जमीनी विवाद में उसकी पत्नी को उठा लिया, लेकिन पुलिस एक महीने से ज्यादा समय से हाथ-पे-हाथ धरे बैठी है. इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
5 अप्रैल से पत्नी किडनैप, पुलिस ने नहीं की सुनवाई
पीड़ित शिशुपाल सिंह ने बताया कि बीते 5 अप्रैल को चौराहा काली भट्ठा के पास स्थित खेत से जमीनी विवाद के चलते उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया गया था. पीड़ित के मुताबिक, गांव के ही जितेंद्र और अवनीश ने उसे जानकारी दी थी कि उसकी पत्नी को कमलेश और सतेंद्र नामक व्यक्ति जबरन उठा ले गए हैं. तब से पीड़ित थाने के चक्कर काट रहा है.
उसने बताया कि वह अपनी पत्नी की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगातार थाना इकदिल के चक्कर काट रहा था. लेकिन पुलिस ने कोई ठोस सुनवाई नहीं की गई. थाना स्तर पर न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर सोमवार को वह कचहरी प्रांगण स्थित एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने पहुंचा था, जहां उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.
पूरे मामले में उच्चाधिकारियों ने दिए जांच के निर्देश
वहीं, सिविल लाइन पुलिस द्वारा युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया है. फिलहाल, उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पीड़ित के परिजनों को सूचित कर दिया है, जो अस्पताल पहुंच चुके हैं. साथ ही पूरे मामले में उच्चाधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए हैं.
