इटावा में सैफई डिपो बस के ब्रेक फेल, अटल चौक से जा टकराई; बड़ा हादसा होते-होते टला

इटावा में सैफई डिपो की रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिससे बस अटल चौक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चौक को भी नुकसान पहुंचा. हालांकि, चौक के बाउंडरी को छोड़कर अटल प्रतिमा को कोई क्षति नहीं पहुंची है, लेकिन इसे कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

रोडवेज बस के ब्रेक फेल, इटावा में बड़ा हादसा टला Image Credit:

इटावा के व्यस्त डीएम चौराहे पर उस समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सैफई डिपो की एक रोडवेज बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए. अनियंत्रित बस नवनिर्मित अटल चौक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. इसमें चौक के बाउंडरी को भी नुकसान पहुंचा है.

हालांकि, राहत की बात यह रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था और चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. बस को आगे आगरा, मथुरा होते हुए बदरपुर दिल्ली तक जाना था. बस को संविदा चालक तारा चंद निवासी बल्लापुर थाना अजीतमल जिला औरैया चला रहे थे. जैसे ही बस डीएम चौराहे के पास पहुंची, अचानक उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया.

बस में महिला परिचालक समेत चार लोग थे सवार

बस के ब्रेक फेल होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. चालक ने सामने चल रही इनोवा कार और सड़क पर जा रहे बाइक सवारों को बचाने के लिए काफी प्रयास किया. इधर-उधर मोड़कर सड़क पर चल रहे लोगों को बचा लिया. हालांकि, काफी संभालने के बाद भी बस सीधे अटल चौक से टकरा गई. हादसे में बस के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है.

हादसे के समय बस में महिला परिचालक सानिया जैन निवासी गोदाम सराय भटेला, करहल थाना जिला मैनपुरी मौजूद थीं. इसके अलावा सैफई डिपो के टीम कीपर अजीत सिंह और एआरएम कार्यालय के कर्मचारी डीके सिंह भी बस में सवार थे, जो ड्यूटी स्लिप बनाने के काम से जा रहे थे. संयोग से उस समय बस में कोई यात्री नहीं था, किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ.

मरम्मत के बाद भी कैसे फेल हो गई ब्रेक, बड़ा सवाल

बस चालक तारा चंद ने बताया कि सैफई डिपो में बस के ब्रेक के प्रेशर पाइप सहित कुछ अन्य तकनीकी मरम्मत का काम हाल ही में कराया गया था. मरम्मत के बाद बस की जांच भी की गई थी और उसके बाद ही उसे ड्यूटी पर रवाना किया गया था. इसके बावजूद रास्ते में अचानक प्रेशर लीक होने से ब्रेक फेल हो गए.

इस घटना के बाद परिवहन निगम की तकनीकी जांच व्यवस्था और बसों की फिटनेस को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों का कहना है कि यदि बस में यात्री सवार होते तो बड़ा हादसा हो सकता था. ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए.

Follow Us