कुत्ते की पिटाई पर टूटी थी शादी, 4 दिन बाद दुल्हन खुद पहुंची दूल्हे के घर, बोली- मरते दम तक साथ रहेंगे

18 फरवरी को एक शादी हो रही थी. आरोप है कि इस दौरान वर पक्ष के एक युवक ने दुल्हन पक्ष के पालतू कुत्ते को पीट दिया. इसके चलते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी और दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया था. अब इस मामले नया ट्विस्ट आया है. शादी टूटने के चार दिन बाद दुल्हन अचानक घर से निकलकर दूल्हे के पास पहुंच गई. उसने अपने परिवार पर उसे बहकाने का आरोप लगाया है.

कुत्ते संग टूटी थी शादी, अब आया नया मोड़ Image Credit: File photo

यूपी के फतेहपुर की एक शादी इन दिनों खूब चर्चा में है. यह 4 दिन पहले शादी के दौरान दूल्हे के पक्ष के एक युवक ने लड़की पक्ष के पालतू कुत्ते पर हाथ उठा दिया. इसके बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष में भयंकर मारपीट हो गई थी. दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया था. अब चार दिन इस कहानी में एक नया मोड़ आया है. दुल्हन खुद ही दूल्हे के घर पहुंच गई और जीवन भर साथ रहने की बात कह रही है.

दरअसल, खागा कोतवाली में 18 फरवरी को एक शादी हो रही थी. लड़की पक्ष प्रयागराज से बारात स्थल पर पहुंचा था. जयमाल और अन्य रस्में शांतिपूर्वक पूरी हो चुकी थीं. सुबह करीब चार बजे मंडप के नीचे जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी. इसी दौरान दुल्हन का पालतू कुत्ता, जिसे परिवार साथ लाया था, भौंकने लगा. आरोप है कि वर पक्ष के एक युवक ने पालतू कुत्ते को पीट दिया. बस यहीं से माहौल बिगड़ गया.

बीच मंडप में शुरू हो गई मारपीट

कुत्ते को पीटने की बात पर वधू पक्ष ने कड़ा विरोध जताया. देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, कुर्सियां फेंकी गईं और गेस्ट हाउस रणक्षेत्र बन गया. मारपीट में वधू पक्ष के शुभम गुप्ता, ऋषभ केसरवानी और संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर फट गए और खून बहने लगा. वर पक्ष के भी एक-दो लोगों को मामूली चोटें आईं.

दुल्हन ने शादी से कर दिया था इनकार

हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची तो कई लोग मौके से फरार हो गए. घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया और फिर प्रयागराज रेफर कर दिया गया. अगले दिन दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे. बड़ी संख्या में कस्बे के लोग भी जमा हो गए. पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी, जिस पर उसने शादी से साफ इनकार कर दिया.

अब दुल्हन फिर पहुंच गई दूल्हे के पास

इसके बाद पंचायत बैठी. दोनों पक्षों के बीच समझौते की प्रक्रिया हुई और एक-दूसरे को दिए गए उपहार व दान वापस कर दिए गए. मामला यहीं खत्म मान लिया गया. अब चार दिन बाद इस मामले नया ट्विस्ट आया है. शादी टूटने के चार दिन बाद दुल्हन अचानक घर से निकलकर दूल्हे के पास पहुंच गई. उसने साथ रहने और जीवनभर साथ निभाने की बात कही. उसने अपने परिवार पर उसे बहकाने का आरोप लगाया है.

घर से भाग कर आर्य समाज मंदिर में कर चुके हैं शादी

बता दें युवक और युवती पहले से रिश्ते में थे. दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे. ऐसे में दोनों घर से भाग कर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी. इसके बाद दोनों के परिवार वालों ने इनकी अरेंज मैरिज कराने का फैसला किया. इसके लिए बारात घर में मंडप सजा. वैदिक मंत्रोचार के बीच दूल्हा दुल्हन फेरे लेने ही वाले थे कि एक कुत्ता मंडप में आ गया. इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी. फिर क्या था, जहां शहनाइयों की धुन गूंजनी थी, वहां बारातियों की कराह गूंजने लगी. लेकिन अब फिर दुल्हन अपने दूल्हे के पास पहुंच गई.