खुलासा: जिस ट्रेन से जा रहे थे मोहन भागवत, उस पर 3 नाबालिगों ने फेंके थे पत्थर
गुरुवार यानी 11 जून की शाम कानपुर से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जब फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी ट्रेन पर पत्थर फेंके गए. जिस कोच में संघ प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे, उसी कोच की खिड़की पर पत्थर लगने से शीशा क्षतिग्रस्त हो गया .अब इस मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले 3 नाबालिग थे. इनमें 2 को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक की तलाश की जा रही है.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत की यात्रा के दौरान स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए कई विशेष टीमें गठित की थीं. अब जांच के बाद पुलिस ने इस घटना में कथित रूप से शामिल दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य नाबालिग की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम कानपुर से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस जब फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी ट्रेन पर पत्थर फेंके गए. अच्छी बात यह रही कि जिस कोच की खिड़की टूटी है, उसमें मोहन भागवत मौजूद नहीं थे. घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई. मोहन भागवत भी सुरक्षित दिल्ली पहुंच गए.
पुलिस ने खंगाले दर्जनों सीसीटीवी
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई.मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में विशेष जांच शुरू की गई.पुलिस ने इलाके के दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
नाबालिगों ने ट्रेन पर फेंके थे पत्थर
एसएसपी के अनुसार जांच के दौरान 50 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण किया गया. जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक के आसपास कूड़ा बीनने वाले 3 नाबालिग बच्चों ने कथित रूप से ट्रेन गुजरने के दौरान पत्थर उठाकर फेंके थे. इनमें से एक पत्थर ट्रेन की खिड़की के शीशे से टकराया, जिससे कांच टूट गया.
दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह आसफाबाद फाटक क्षेत्र से दो नाबालिगों को हिरासत में लिया.दोनों से पूछताछ की जा रही है, जबकि तीसरे बाल अपचारी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश के संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
