गंगा एक्सप्रेस-वे पर मुफ्त सफर खत्म, वाहनों से इतना लिया जा रहा टोल टैक्स
गंगा एक्स्प्रेस वे पर टोल वसूलने के लिए सारी मशीनें एक्टिव हो चुकी हैं.स्टाफ भी काम पर लग चुका है. टोल की वसूली फास्टटैग आधारित ट्रांजिट सिस्टम पर है.एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर टोल दरों की सूची भी लगा दी गई है. आइए जानते हैं किन वाहनों से कितना टोल वसूला जा रहा है.
गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के बाद से ही उसपर सफर करने वालों को टोल नहीं देना पड़ रहा था. तकरीबन 15 दिनों तक सरकार यात्रियों के लिए टोल फ्री कर रखा था. लेकिन अब इसकी मियाद खत्म हो गई है. गंगा एक्सप्रेसे पर गुरुवार की आधी रात से वाहनों से टोल वसूला जाने लगा है. यह वसूली अडाणी समूह द्वारा बनाए गए गंगा एक्सप्रेस-वे के 80 फीसदी हिस्से की हो रही है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 29 अप्रैल को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया था. यह देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस वे है. इस एक्सप्रेस वे पर वाहनों की अधिकतम गति 120 किलोमीटर प्रतिघंटे रखी गई है. इस एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करते हुए आप मेरठ से प्रयागराज सिर्फ 5 से 6 घंटे में पहुंच सकते हैं. पहले प्रयागराज तक पहुंचने के लिए तकरीबन 11 घंटे लग जाते था.
मशीनें एक्टिव और कटने लगा टोल
फिलहाल, गंगा एक्स्प्रेस वे पर टोल वसूलने के लिए सारी मशीनें एक्टिव हो चुकी हैं. एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर टोल दरों की सूची भी लगा दी गई है. स्टाफ भी काम पर लग चुका है. टोल की वसूली फास्टटैग आधारित ट्रांजिट सिस्टम पर है. साथ ही इस एक्सप्रेस वे पर ‘क्लोज्ड टोल सिस्टम’ लागू किया गया है. इसका मतलब है कि वाहन जितनी दूरी तय करेगा, उसी हिसाब से टोल देना होगा.
प्रति किलोमीटर क्या है टोल रेट
गंगा एक्सप्रेस-वे पर कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों के लिए 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर टोल लिया जा सकता है. दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर के लिए 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर टोल रखा जा सकता है. हल्के कमर्शियल वाहन और मिनी बसों को 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर टोल देना पड़ सकता है. बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों के लिए यह दर 8.20 रुपये प्रति किलोमीटर रखा जा सकता है. वहीं, बड़े मल्टी एक्सल और भारी मशीनरी वाहनों के लिए टोल 12.60 रुपये प्रति किलोमीटर 7 या उससे अधिक एक्सल वाले वाहनों के लिए 16.10 रुपये प्रति किलोमीटर तक तय किया जा सकता है.
कार को इतना तो ट्रक से इतना लिया जा रहा टोल
अगर आप कार चालक हैं और मेरठ से प्रयागराज तक पूरी यात्रा कर रहे हैं तो आपको 1,515 रुपये टोल देना पड़ सकता है. वहीं, छोटे कॉमर्शियल वाहनों से 2,405 रुपये लिया जा सकता है. बस और ट्रक को 4,840 रुपये तक टोल देना पड़ सकता है. एक्सप्रेसवे पर बैरियरलेस ऑटोमैटिक टोल सिस्टम है, जो फास्टैग से सीधे टोल काटेगा.
