तरबूज-मैगी खाने से एक ही परिवार के 11 लोगों की बिगड़ी तबियत, सांस लेने में होने लगी दिक्कत

गोरखपुर के बेलीपार में रहने वाले एक परिवार के सदस्यों ने शाम करीब 8 बजे तरबूज खाया.फिर उसके कुछ देर बाद मैगी खाई. मैगी खाने के बाद रात में करीब एक बजे एक-एक कर सबकी तबीयत बिगड़ने लगी, सुबह होने तक सबकी हालत गंभीर हो चुकी थी. आनन-फानन में पड़ोसियों ने सबको अस्पताल में भर्ती कराया.फिलहाल, परिवार के सभी सदस्य खतरे से बाहर हैं.

तरबूज-मैगी खाने पर 11 लोगों की बिगड़ी तबीयत

गोरखपुर में तरबूज और मैगी खाने से एक ही परिवार के 11 लोगों की तबीयत खराब हो गई है. उन्हें उल्टी, दस्त, पेट दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने लगी. आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल, सभी मरीजों की हालत में सुधार है. उनकी हालत खतरे से बाहर है. यह पूरा मामला गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र का है

परिजनों ने बताया कि रात में तरबूज खाने के बाद सभी ने मैगी खाई थी. बुधवार यानी 13 मई की सुबह जब उन लोगों को दिक्कत शुरू हुई तो सभी ने गांव से ही दवा खरीद कर खाई. लेकिन हालत और खराब होने पर पड़ोसियों द्वारा उन्हें CHC लाया गया. यहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया.

परिवार ने तरबूज खाने के बाद खाई थी मैगी

भर्ती मरीजों में 2 साल की बच्ची और 80 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल है. बेलीपार के मालव गांव की रहने वाली अनु ने बताया कि बुधवार को एक फेरी वाला तरबूज बेचने के लिए आया था. उससे हमने तरबूज खरीदा. शाम करीब 8 बजे परिवार के सभी लोगों ने तरबूज खाया था. फिर बच्चों ने जिद कर घर पर मैगी बनवाई. मैगी खाने के बाद रात में करीब एक बजे एक-एक कर सबकी तबीयत बिगड़ने लगी.

खतरे से बाहर है सभी मरीज

जिला अस्पताल के डॉक्टर आर पी गौतम ने बताया कि एक ही परिवार के 11 लोगों को भर्ती किया गया है. सभी लोग खतरे से बाहर हैं. उनकी निगरानी की जा रही है. सभी मरीजों की हालत सामान्य होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा. एक ही परिवार के 11 लोगों के बीमार होने पर जिला अस्पताल में CMO डॉक्टर राजेश झा भी पहुंचे. उन्होंने मरीजों का हाल जाना और परिजनों से बात कर स्थिति को समझा और डॉक्टर से बात की.

क्या फूड कॉम्बिनेशन के चलते बिगड़ी तबीयत?

CMO राजेश झा ने बताया कि मरीजों की हालत ठीक है. वह खतरे से बाहर हैं या मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है. आज शुक्रवार को एक टीम गांव में भी जाएगी. उन्होंने बताया कि ठंडी तासीर वाली चीज खाने के बाद गर्म खाद्य पदार्थ खाने पर पेट में बैक्टीरिया का संक्रमण तेजी से फैलता है. यह खाने वाले को बीमार कर देता है, फिलहाल सभी 11 मरीजों की हालत में काफी सुधार है.

Follow Us