यूपी बोर्ड एग्जाम में फेल छात्रों को मिलेंगे 5 से 20 नंबर, जानें किन स्टूडेंट्स को मिलेगा फायदा
उत्तर प्रदेश सरकार बोर्ड परीक्षाओं में फेल होने वाले ऐसे छात्रों को पास करने के लिए एक व्यवस्था लागू करने जा रही है, जो खेल संबंधी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के चलते पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पाते हैं. ऐसे छात्रों को बोर्ड अब 5 से 20 अंक तक ग्रेस मार्क पास करने की तैयारी में है.
यूपी बोर्ड के 10वीं-12वीं के एग्जाम में फेल किए गए कई छात्राओं को पास किया जा सकेगा. दरअसल, योगी सरकार हाईस्कूल और इंटरमीडियट के उन छात्रों को बोनस अंक देने की तैयारी में है, जो उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं. इन छात्रों को पास करने के लिए 5 से 20 अंक दिए जा सकते हैं. यूपी बोर्ड ने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भी भेज दिया है. सरकार से मंजूरी मिलते ही यह व्यवस्था लागू की जा सकती है. इससे ऐसे छात्रों को प्रोत्साहन मिलेगा, खेल के मैदान पर बढ़िया प्रदर्शन करते आ रहे हैं.
जानें किसे 5 तो किसे मिलेगा 20 अंक का ग्रेस मार्क
छात्र राज्य स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेता रहा है, इसमें पहला, दूसरा और तीसरा स्थान मिलता रहा है तो उसे कुल 5 बोनस अंक दिए जाएंगे. वहीं, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर 7 अंक मिल सकते हैं. पदक जीतने पर उस छात्र को 10 अंक मिल सकता है. इसके अलावा अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्रों को 15 अंक मिलेंगे. यह पदक जीत लेने पर छात्र को कुल 20 बोनस अंक दिए जाएंगे.
इस तारीख से पहले छात्रों को प्रतियोगिता का प्रमाण पत्र करना पड़ेगा हासिल
यह लाभ सिर्फ उन्हीं छात्रों को मिलेगा, जिन्हें 10वीं-12वीं की परीक्षा में बैठने से पहले संबंधित प्रतियोगिता का प्रमाण पत्र हासिल कर लिया है. इसे परीक्षा वाले साल की 31 जनवरी तारीख से पहले हासिल करना आवश्यक है. साथ ही यह सुविधा केवल एसजीएफआई यानी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले छात्रों को ही मिलेगी.
खेल के चलते पढ़ाई पर ध्यान ना दे पाने वाले छात्रों को मिलेगा फायदा
बता दें कि अगर यह व्यवस्था लागू होती है तो इसका सबसे ज्यादा फायदा ऐसे छात्रों को मिल पाएगा, जो खेल के चलते पढ़ाई में ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते हैं और 10वीं और 12वीं में फेल हो जाते हैं. ऐसे में उन छात्रों को पास करने के लिए ग्रेस मार्क दिए जाए सकते हैं. ऐसे में उन्हें दोबारा उस कक्षा की परीक्षा नहीं गेनी पड़ेगी. हालांकि, कम्पार्टमेंट परीक्षा में बैठने वाले छात्र-छात्राओं को इस ग्रेस मार्क की परीक्षा का लाभ नहीं मिलेगा.
