गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा वेस्ट का सफर होगा आसान, शाहबेरी में डबल डेकर रोड को मंजूरी
गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच सफर अब आसान होगा. शाहबेरी में 4.5 किमी लंबी डबल डेकर रोड को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मंजूरी दी है. यह सड़क जाम की समस्या से राहत दिलाएगी. साथ ही, ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा.
गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. दोनों शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शाहबेरी में करीब 4.5 किलोमीटर लंबी डबल डेकर रोड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस सड़क से ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से राहत मिलेगी.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में शाहबेरी सड़क को डबल डेकर के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई. शाहबेरी का यह मार्ग गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. साथ ही, ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा. दोनों परियोजना से कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
ट्रैफिक दबाव कम करने में मिलेगी मदद
डबल डेकर रोड बनने के बाद मौजूदा सड़क के साथ अतिरिक्त यातायात क्षमता उपलब्ध होगी. इससे गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आने-जाने वाले वाहन चालकों को फायदा मिलने की उम्मीद है. खासकर रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य कामों के लिए दोनों शहरों के बीच सफर करने वाले लोगों का आवागमन आसान हो सकता है.
बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके तहत तकनीकी और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा रास्ता
शाहबेरी डबल डेकर रोड के साथ ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर भी काम आगे बढ़ रहा है. इस प्रस्ताव को भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा गया था, जिस पर सहमति बन चुकी है.
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नोएडा और यमुना प्राधिकरण की सहमति ली जाएगी. इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दी गई है. इस चरण में परियोजना पर करीब 756.01 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इस डबल डेकर रोड के बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा के लोगों को सीधा दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे जाना आसान होगा. साथ ही गाजियाबाद की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी. कुल मिलाकर शाहाबेरी डबल डेकर रोड और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी लाखों लोगों का सफर आसान बनाएगा, जो डेली गाजियाबाद की ओर जाते हैं.