मथुरा जन्माष्टमी: पंचरत्नी पोशाक में दर्शन देंगे कान्हा, 200 किलो चांदी से दमकेगा गर्भगृह

मथुरा में आज भगवान श्रीकृष्ण के 5253वें जन्मोत्सव की दिव्य तैयारियां है. इस बार जन्माष्टमी 'गौ रक्षा-राष्ट्र रक्षा' संकल्प के साथ भव्यता से मनाया जाएगा. श्रीगर्भ-गृह को 200 किलोग्राम चांदी से सजाया गया है. साथ ही इस बार लड्डू गोपाल ‘पंचरत्नी पोशाक’ में दर्शन देंने वाले हैं.

पंचरत्नी पोशाक में विराजेंगे लड्डू गोपाल, दिव्य तैयारियां Image Credit:

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं. आज यानी 4 सितंबर को भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा. श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान की ओर से जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. इस बार जन्मोत्सव को ‘गौ रक्षा-राष्ट्र रक्षा’ के संकल्प को समर्पित किया गया है.

जन्मोत्सव से एक दिन पहले गुरुवार शाम 6:30 बजे भगवान की विशेष पोशाकों और दिव्य श्रृंगार के दर्शन भक्तों को कराए गए. दिव्य रूप में सजे लड्डू गोपाल के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर नजर आए और पूरे परिसर में ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजते रहे.

पंचरत्नी पोशाक में दर्शन देंगे लड्डू गोपाल

जन्मोत्सव के लिए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है. श्रीगर्भ-गृह की भव्य सजावट में करीब 200 किलोग्राम चांदी का इस्तेमाल किया जा रहा है. चांदी से सजा गर्भगृह इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा.

मुख्य जन्मोत्सव की रात भगवान श्रीकृष्ण ‘कलहंस’ पुष्प-बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे. सचिव कपिल शर्मा के अनुसार, लड्डू गोपाल का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और भगवान समुद्र मंथन से प्राप्त रत्नों की भावना पर आधारित ‘पंचरत्नी पोशाक’ धारण करेंगे. सिर पर रत्न-जड़ित आकर्षक मुकुट भी सुशोभित होगा.

ब्रज के कारीगरों ने तैयार किए पोशाक-मुकुट

ब्रज के कुशल कारीगरों ने कई महीनों की मेहनत और श्रद्धा से भगवान की पोशाक और मुकुट तैयार किए हैं. पोशाकों के दर्शन के दौरान भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. वहीं, देश-विदेश से श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए हैं

अब भक्तों को इंतजार है उस आधी रात का, जब श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष के बीच कान्हा जन्म लेंगे.

Follow Us