अब लखनऊ के बाद गाजियाबाद में भी लगी भीषण आग, एक-एक कर फटने लगे सिलेंडर, 500 झुग्गियां जलकर राख
गाजियाबाद के कनवासी गांव में झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर के फटने से आग लग गई. स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंची.दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. इस बीच आग लगने के चलते एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने से दहशत फैल गई है.
अब लखनऊ के बाद गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव अचानक भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड में 500 से अधिक झुग्गियां देखते ही देखते जलकर राख हो गईं.आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बताया जा रहा है कि आग लगने के तुरंत बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक-एक करके फटने लगे.इन धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई.सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं.दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया.
आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियां
आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं.अग्निशमन अभियान में कई घंटे लगने की संभावना है क्योंकि आग बड़े क्षेत्र में फैली है.आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस और दमकल की टीमों ने युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया.आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की जा रही हैं.स्थानीय निवासियों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में मदद की कोशिश की.
सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया
इस भीषण अग्निकांड से सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया है. उनके पास खाने-पीने और रहने का कोई साधन नहीं बचा है.आग से हुए भारी नुकसान का आकलन किया जाएगा. पुलिस ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है.
लखनऊ में भी 1200 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख
बता दें कि राजधानी लखनऊ के विकास नगर में भी बुधवार यानी 15 अप्रैल की शाम भीषण आग लग गई थी. इस दौरान 1200 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं. 50 के करीब मवेशियों के जिंदा जलने की सूचना है. 6 बच्चों के लापता होने की बात कही जा रही थी. फिलहाल दो बच्चियों का शव मिल चुका है.