BTech-MBA छोड़ बना ड्रग माफिया, IAS के पोते समेत दो अरेस्ट; कॉलेज छात्र थे निशाने पर
गाजियाबाद पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. यह एक हाई-प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क है, जिसमें पढ़े-लिखे युवा शामिल हैं. पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा है, जिसमें एक IAS अधिकारी का पोता शामिल है. ये इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों को ड्रग्स सप्लाई करते थे.
गाजियाबाद पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक आईएएस अधिकारी का पोता भी शामिल है. आरोप है कि दोनों गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के इलाकों में इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों और अन्य युवाओं तक ड्रग्स पहुंचाने का काम कर रहे थे.
जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने बीटेक और एमबीए की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन बीच में पढ़ाई छोड़कर ड्रग्स की तस्करी में उतर गया. कुछ ही समय में उसने अपना नेटवर्क तैयार कर लिया और हाई-प्रोफाइल ग्राहकों के साथ-साथ कॉलेज के छात्रों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया. ये गिरोह ओजी गांजा, कोकीन और ड्रग्स की सप्लाई करता था.
पुलिस और स्वाट टीम ने दोनों आरोपी को दबोचा
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और निजी संपर्कों के जरिए ग्राहकों से जुड़ते थे और तय स्थान पर नशे की खेप को पहुंचाते थे. गिरोह का मुख्य निशाना इंजीनियरिंग और प्रोफेशनल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र थे. पुलिस अब यह पता लगनी में जुटी है कि अब तक कितने छात्रों और लोगों तक यह नेटवर्क पहुंच चुका था.
स्वाट टीम प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि शहर में सक्रिय एक संगठित ड्रग्स गिरोह की लगातार सूचना मिल रही थी. इसके बाद पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, एक कार, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं.
ड्रग्स की खेप कहां से पहुंचती थी, जांच में पुलिस
पुलिस ने बरामद सामग्री को जांच के लिए भेज दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक ड्रग्स की खेप कहां से पहुंचती थी और उनका नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा.
