दूसरे को काम पर रखा, थप्पड़ जड़ा… गाजियाबाद के सोसाइटी में फ्लैट मालकिन के खिलाफ मेडों ने काटा बवाल, 7 गिरफ्तार

गाजियाबाद की एक सोसाइटी में घरेलू सहायिकाओं (मेड) ने जमकर हंगामा और मारपीट की. एक मेड ने फ्लैट मालकिन पर मारपीट का आरोप लगाया, इसके बाद 50 सहायिकाएं सोसाइटी में घुस गईं, और जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान गार्ड को भी चोटें आईं. पुलिस ने दोनों पक्षों के 7 लोगों को गिरफ्तार किया.

गाजियाबाद सोसायटी में मेडों का हिंसा प्रदर्शन

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की एसोटेक द नेस्ट में गुरुवार को घरेलू सहायिकाओं (मेड) ने जमकर उत्पाद मचाया. करीब 50 से ज्यादा मेडों ने सोसाइटी में मारपीट और तोड़फोड़ की. इस दौरान गार्ड ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उसपर हमला कर दिया. इसमें एक गार्ड के सर में चोट आई है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है.

इस विवाद की जड़ एक फ्लैट मालकिन द्वारा मेड की पिटाई बताई जा रही है. एक मेड ने अपनी फ्लैट मालकिन पर मारपीट का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत घरेलू सहायिकाओं के व्हाट्सएप ग्रुप पर कर दी. इसके बाद भारी संख्या में मेडों की भीड़ जबरन सोसायटी में घुस गईं. इस दौरान सोसायटी के गेट को तोड़ दिया गया और जमकर पथराव भी किया.

उसरे मेड को काम पर रखने को लेकर हंगामा

सोसायटी के गेट पर मौजूद गार्ड ने मेडों को रोकने का प्रयास किया तो सभी जबरन सोसाइटी में घुस गईं. मेडों ने फ्लैट मालकिन के खिलाफ आक्रोश जताया और पथराव भी किए. एक मेड रोशनी ने आरोप लगाया है कि जिस फ्लैट में वह काम कर रही थी वहां कोई और मेड आ गई थी. इसके बाद मकान मालकिन ने उसे काम करने से मना कर दिया था.

उसने बताया कि इसके बाद वह मालकिन का फोटो खींच रही थी. इसपर दोनों की कहासुनी हुई. इस दौरान फ्लैट मालकिन ने मेड को थप्पड़ जड़ दिए, जिससे नाराज होकर उसने इसकी जानकारी अपने घरेलू सहायिकाओं के व्हाट्सएप ग्रुप पर डाल दी. इसके बाद 40 से 50 मेड और उनके साथ उनके पुरुष साथी सोसायटी पर पहुंच गए और मारपीट की.

दोनों तरफ से की गई शिकायत, 7 लोग गिरफ्तार

सहायक पुलिस आयुक्त (वेव सिटी) प्रियाश्री पाल ने बताया कि सेक्योरिटी ऑफिसर विक्रम सिंह ने सूचना दी कि 25 मार्च को शाम के समय कुछ 20-25 महिलाओं और पुरुषों ने सोसाईटी का गेट तोड़ा और परिसर में पथराव किया. इसपर संज्ञान लेते हुए थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.

वेव सिटी थाना पुलिस ने पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया इस मामले में दोनों तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने 7 लोगों को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया है. फ्लैट ओनर और घरेलू सहायिका की शिकायत पुलिस ने ली है और जांच पड़ताल कर रही है, मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us