60 साल का साथ, फिर अपनी ही पत्नी की जान का दुश्मन क्यों बना 80 साल का बुजुर्ग? कुल्हाड़ी से काटा
गाजियाबाद में 80 वर्षीय बुजुर्ग हरपाल ने अपनी 72 वर्षीया पत्नी उर्मिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. 60 साल पहले हुई शादी के बाद यह दिल दहला देने वाली वारदात बेटे की मौत के बाद मानसिक तनाव और पत्नी के चरित्र पर शक के चलते हुई. हरपाल ने खुद खून से सनी कुल्हाड़ी के साथ थाने में आत्मसमर्पण किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक 80 साल के बुजुर्ग ने कुल्हाड़ी से काटकर अपनी 72 वर्षीया पत्नी की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी बुजुर्ग खुद खून से सनी कुल्हाड़ी लहराते हुए थाने पहुंचा और इकबाल ए जुर्म करते हुए सरेंडर कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में रावली कला गांव में शनिवार की सुबह करीब चार बजे का है. उस समय रावली पुलिस चौकी में सन्नाटा था. ठीक उसी समय 80 साल का एक बुजुर्ग हाथों में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचता है. वह अपना नाम हरपाल बताता है और कहता है कि उसने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है. यह कहते हुए उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं था, लेकिन उसकी बात सुनकर सन्नाटे में लिपटे पुलिस चौकी में हड़कंप मच गया. जो पुलिसकर्मी झपकी ले रहे थे, वो भी उठकर बैठ गए.
दिल दहलाने वाला था नजारा
बुजुर्ग की बात सुनकर पुलिस को भरोसा नहीं हुअ लेकिन हाथ में कुल्हाड़ी देखकर पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया. इसके बाद दरोगा गोपाल चौहान पुलिस बल के साथ बुजुर्ग के घर पहुंचे. घर के अंदर दिल दहलाने वाला नजारा था. चारपाई पर हरपाल की 72 वर्षीय पत्नी उर्मिला खून से लथपथ पड़ी थी. उनके सिर और कान के पास कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे. आनन फानन में फोरेंसिक टीम बुलाई गई. इसके बाद पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
क्यों बेरहम हुआ पति?
पुलिस के मुताबिक हरपाल की जिंदगी बहुत अच्छी चल रही थी. इसी बीच करीब पांच महीने पहले उसके बेटे की एक्सिडेंट में मौत हो गई. यह सदमा हरपाल बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई. नौबत यहां तक आ गई कि वह अपनी 72 साल की पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा. उसने पुलिस चौकी में भी यही बयान दिया है कि वह बदचलन थी, इसलिए उसकी हत्या कर दी है. हरपाल के नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि उसके मम्मी-पापा मेरठ गए हुए थे. घर वो और उसका भाई सो रहे थे, जबकि नाना और नानी बाहर सोए थे. अचानक रात में उठकर उसके नाना ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है.