7 साल की बच्ची से पहले गैंगरेप, फिर सिर कुचलकर हत्या; गाजियाबाद के मॉल में मिला शव
गाजियाबाद में एक 7 साल की बच्ची का दिल दहला देने वाला गैंगरेप और हत्या का मामला सामने आया है. बच्ची का शव निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट से अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिसका सिर कुचला गया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने यह वारदात नशे की हालत में अंजाम दिया था.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में 7 साल की बच्ची का खून से लथपथ शव मिला है. हैवानों ने बच्ची के साथ पहले गैंगरेप किया, फिर उसकी हत्या कर अर्द्धनग्न हालत में शव को वहीं छोड़ कर फरार हो गए. पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह जघन्य वारदात तीन हैवानों ने मिलकर अंजाम दिया है.
पुलिस में तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की शाम करीब सात बजे यह बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी. वहीं से आरोपियों ने उसे अगवा किया और इस निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में हैवानियत को अंजाम दिया. इधर, अचानक बच्ची के लापता होने से परिजन उसकी तलाश में जुट गए. कहीं कोई खबर नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो बच्ची आरोपियों के साथ मॉल के बेसमेंट की ओर जाते दिखी.
दो हैवान अरेस्ट
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करते हुए दो हैवानों को अरेस्ट कर लिया है. जबकि तीसरे की तलाश जारी है. बच्ची के परिजनों के मुताबिक मॉल के बेमेंट में बच्ची का शव मिला है. उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे, उसका सर कुचला गया था, उसके गले पर भी खरोच के निशान थे. पुलिस ने सीसीटीवी में नजर आ रहे हैं तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है. इस पहचान के आधार पर उनके खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों को अरेस्ट किया है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक बच्ची का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस के मुताबिक तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश तेज कर दी गई है. जल्द ही उसे अरेस्ट कर लिया जाएगा. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह वारदात नशे की हालत में अंजाम दिया है.