मुझे घूंघट मंजूर, लेकिन… पति के सामने पत्नी ने रखी ऐसी शर्त, आ गई तलाक की नौबत

गाजियाबाद में घूंघट की पुरानी परंपरा और आधुनिक जीवनशैली के टकराव ने एक दंपति को तलाक की कगार पर पहुंचा दिया है. पति की घूंघट की मांग पर पत्नी ने उसे शेरवानी पहनकर रहने की शर्त रख दी. यह विवाद घर से निकलकर पुलिस और परामर्श केंद्र पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के अड़े रहने से सुलह नहीं हो पाई. अंततः मामला अदालत में तलाक के लिए भेज दिया गया है, जिससे शादी टूटने की नौबत आ गई है.

सांकेतिक AI इमेज Image Credit: Ai Image

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुरानी परंपरा और आधुनिक लाइफ स्टाइल में टकराव की वजह से एक परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गया है. यहां परामर्श केंद्र में एक मीडिएशन का हैरतंगेज मामला सामने आया है. इसमें पति और उसके परिवार वालों की चाहत है कि दुल्हन घूंघट में रहे. वहीं आधुनिक जमाने की दुल्हन को इस तरह का प्रतिबंध मंजूर नहीं. दबाव बनाए जाने पर उसने भी अपने पति के सामने शर्त रख दी है कि वह घूंघट तो कर लेगी, लेकिन पति को भी हमेशा शेरवानी पहन कर रहना होगा.

पहले तो यह टकराव घर की चारदीवारी के अंदर था, लेकिन अब मामला पुलिस और परामर्श केंद्र तक पहुंच गया है. मामला गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र का है. ब्याह के बाद दुल्हन के ससुराल आते ही इस मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया और महज दो दिन में ही मामला पुलिस तक पहुंच गया. विवाहिता खुद थाने पहुंच गई और इस प्रतिबंध को लेकर ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी.

मीडिएशन सेंटर में चल रहा मामला

पुलिस ने पहले मामले को अपने स्तर पर सुलझाने की कोशिश की. बात नहीं बनी तो मामले को मीडिएशन सेंटर ट्रांसफर कर दिया. जहां दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई जा रही है. जानकारी के मुताबिक भोजपुर की रहने वाली इस युवती की शादी करीब एक साल पहले राजस्थान में अलवर निवासी युवक से हुई थी. युवती के मुताबिक उसका पति निजी कंपनी में नौकरी करता है. वहीं वह खुद घर में रहती है.

तलाक की आई नौबत

युवती की शिकायत पर मीडिएशन सेंटर में काउंसलर्स ने उसके पति को बुलाया और दोनों को समझाने की खूब कोशिश की. लेकिन दोनों पक्ष अपनी बात पर अड़े हैं.ऐसे में इनका विवाद सुलझने के बजाय और बढ़ता जा रहा है. दोनों पक्षों ने अपने रूख से पीछे हटने से इनकार कर दिया है. ऐसे में परामर्श केंद्र से इनकी फाइल बंद कर तलाक पर सुनवाई के लिए कोर्ट भेज दी गई है. इसके बाद युवक और युवती दोनों ने ही तलाक की अर्जी डाल दी है.

Follow Us