BF संग भाग गई थी बहन, भाई ने ढूंढकर दे दी सजा-ए-मौत; फिर गंगा में किया पिंडदान
गाजियाबाद में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक भाई ने अपनी बहन की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने गंगा किनारे बहन का मुंडन कराकर पिंडदान भी किया. पुलिस ने गहन जांच के बाद सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल ट्रैकिंग की मदद से आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऑनर किलिंग का एक खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी सगी बहन का पहले मर्डर किया, फिर गंगा के किनारे मुंडन कराते हुए बहन का पिंडदान भी कर दिया. आरोपी भाई ने यह वारदात बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर अंजाम दिया है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर ही है.
यह वारदात गाजियाबाद में वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा का है. पुलिस के मुताबिक 23 जुलाई की सुबह 112 नंबर पर कॉल आई थी. इसमें बताया गया था कि इस गांव में रहने वाले मनोज कुमार के खेत में किसी के घसीटे जाने के निशान मिले हैं. इस सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ एसीपी प्रिया श्रीपाल मौके पर पहुंचीं. मामले की जांच के दौरान खेत में ही एक युवती की खून से लथपथ लाश मिली. प्राथमिक जांच में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला. ऐसे में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
फिर हुआ सनसनीखेज खुलासा
पुलिस के मुताबिक मृत युवती की उम्र करीब 22 वर्ष के आसपास है. उसके गले पर धारदार हथियार से वार के घाव हैं. पुलिस ने शव की पहचान कर मामले की जांच आगे बढ़ाई तो उसके प्रेम प्रसंग का इनपुट मिला. फिर संदेह के आधार पर पुलिस ने युवती के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें पूरी वारदात का खुलासा हो गया. आरोपी ने बताया कि उसकी बहन अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. इसलिए उसने उसे मौत की सजा दी है.
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक मामले की जांच के लिए एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल के नेतृत्व में पुलिस की 4 टीमें बनाई गई थीं. इन टीमों ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसी दौरान पता चला कि युवती को ऑटो में घटनास्थल के पास तक लाया गया था. ऑटो के पीछे-पीछे एक कार भी आई थी. इसके बाद पुलिस ने ऑटो की जांच पड़ताल के साथ ही मौके पर एक्टिव मोबाइल की डिटेल खंगाली और संदिग्ध नंबरों की पहचान करते हुए आरोपी भाई को धर दबोचा है.
नोएडा से लाकर गाजियाबाद में मर्डर
डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक आरोपी भाई दीपक पुत्र तोलन प्रसाद निवासी गांव बंधवाताल, जिला सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार किया है. आरोपी नोएडा में रहकर मेहनत मजदूरी करता था. उसकी बहन का गांव के ही एक युवक के साथ अवैध संबंध थे. वह 20 दिन पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. परिवार ने बड़ी मुश्किल से उसे ढूंढा और आरोपी नोएडज्ञ से उसे घर छोड़ने के लिए निकला, लेकिन वेव सिटी जंगल में आरी के ब्लेड से उसकी गर्दन काट दी. शव को वहीं जंगल में फेंकने के बाद खुद हापुड़ के बृजघाट पहुंचा, जहां उसने उसका पिंडदान किया.