पीट-पीटकर किया अधमरा, फिर घोंट दिया गला; पसंद नहीं था हिंदू दामाद तो ससुर ने दे दी खौफनाक मौत
गाजियाबाद में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. ससुर मेहरुद्दीन और साले ने हिंदू दामाद नितिन की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने कबूला कि बेटी के दलित युवक नितिन से प्रेम विवाह के कारण मुस्लिम बिरादरी में उनकी 'बेइज्जती' हो रही थी. इसके बाद योजना बनाकर आरोपियों ने नितिन को बुलाया, पीटा और गला घोंटकर मार डाला. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने नितिन हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. यह वारदात नितिन के ससुर और साले ने मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल लिया है. बताया कि उनका दामाद हिंदू था और इसकी वजह उसकी मुस्लिम बिरादरी में काफी बेइज्जती हो रही थी. इसलिए उन लोगों ने योजना बनाकर नितिन की हत्या कर दी. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला गाजियाबाद के टीला मोड थाना क्षेत्र में 30 मार्च का है. आरोपियों की पहचान मेहरुद्दीन और उसके भाई के रूप में हुई है. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बेटी मुस्कान ने घर वालों के विरोध के बावजूद गीतांजलि विहार लोनी गाजियाबाद में रहने वाले नितिन के साथ प्रेम विवाह कर लिया था. नितिन दलित समाज से था, इसलिए इस शादी पर बिरादरी में काफी बेइज्जती हुई. उस समय तो उन लोगों ने खून का घूंट पीकर चुप्पी साध ली, लेकिन अब मौका मिला तो उस बेइज्जती का बदला ले लिया.
ऐसे बनाई वारदात की योजना
आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि शादी के बाद नितिन उनकी बेटी के साथ शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था. वारदात के दो दिन पहले भी उसने मुस्कान की पिटाई की थी. ऐसे में मुस्कान उसका घर छोड़कर अपनी बुआ के घर लोनी के बेहटा गांव आ गई थी. उन्हें पता चला तो उन लोगों ने मुस्कान के पिता ने अपने भाइयों और उनके बेटे असगर अली आदि के साथ मिलकर योजना बनाई. फिर सुलह समझौते की बातचीत के बहाने नितिन को लोनी के बंद फाटक के पास बुलाया.
गाड़ी में ही दी वारदात को अंजाम
इस बातचीत के लिए नितिन अपने भाई अमित और एक महिला के साथ आया था. तीनों गाड़ी में बैठ गए. फिर आरोपी उन्हें लेकर हरियाली फार्म हाउस के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां मौका देखकर अमित और वह महिला तो भाग गए, लेकिन नितिन को आरोपियों ने पकड़कर बुरी तरह पीटा, फिर गला घोंटकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. आरोपियों ने बताया कि नितिन की हत्या का उन्हें कोई अफसोस नहीं है.