गाजियाबाद में बदमाशों के हौसले बुलंद, डेयरी संचालक को गोली मारकर साथ ले गए; SHO सस्पेंड

गाजियाबाद में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पुलिस-प्रशासन को बड़ी चुनौती दे दी है. लोनी इलाके में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को 6 गोलियां मारी, फिर कार में डालकर अपने साथ ले गए. उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस ने युवक की बरामदी और आरोपियों की तलाश में 10 टीमें लगाई हैं.

लोनी में फायरिंग के बाद कार में ले गए बदमाश

गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में हमलावरों ने दिनदहाड़े डेयरी संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. बदमाशों ने 6 गोलियां मारने के बाद उन्हें अपनी गाड़ी में डालकर साथ ले गए. डेयरी संचालक जिंदा या मुर्दा उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. हमलावरों ने दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है.

जानकारी के मुताबिक, गनौली गांव के रहने वाले डेयरी संचालक ओकर उर्फ ओमान शुक्रवार की सुबह लगभग 7:30 बजे बाइक से पशुओं को आचार लेने के लिए लोनी जा रहे थे. इसी दौरान खरखड़ी अंडरपास पर कार में सवार होकर आए हमलावरों ने गोली मारने के बाद उन्हे अपने साथ ले गए. पुलिस ने मामले का खुलासा के लिए 10 टीमें लगाई हैं.

SHO और चौकी इंचार्ज को किया गया सस्पेंड

गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से 5 से 6 खाली कारतूस को बरामद किया. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और आसपास के सीसीटीवी को खंगाल रही है. वहीं, इस पूरे मामले में लोनी थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी और चौकी इंचार्ज को लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल निलंबित कर दिया गया है.

परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश की शिकायत पर पुलिस ने पहले कार्रवाई नहीं की थी. ओकर के भाई सुरेंद्र के मुताबिक, गांव के रहने वाले प्रिंस और कुछ अन्य लोगों से कहासुनी थी. हाल में दूसरे पक्ष के लोगों ने अवतार के बेटे देवास का पीछा किया था, जिसकी शिकायत लोनी कोतवाली में दी गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की.

ग्रामीणों में गुस्सा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव चौधरी के अनुसार, पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई है, जिसमें क्राइम ब्रांच की टीम भी शामिल है. युवक के घायल होने के बाद मौत हुई है या नहीं इसका भी पता नहीं चल पाया है. इस घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में गुस्सा है और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं.

Follow Us