गाजियाबाद में NEET परीक्षा से एक दिन पहले छात्र ने दी जान, मोबाइल में मिला आखिरी वीडियो
गाजियाबाद में एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है. जहां नीट परीक्षा से ठीक एक दिन पहले 22 वर्षीय छात्र ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पुलिस को प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला प्रतीत हो रहा है. उसके मोबाइल से घटना से पहले का एक वीडियो भी मिला है.
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार ने सुसाइड कर लिया है. एग्जाम से ठीक एक पहले उठाए गए इस खौफनाक कदम से परिवार में गहरा शोक है. मरने से पहले उसके मोबाइल से एक वीडियो भी पुलिस को मिला है, जिसमें उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कहानी को बताया है.
जानकारी के मुताबिक, जतिन कुमार, पुत्र राजेश कुमार विजयनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 में रहता था. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. जतिन के पिता राजेश कुमार खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं और सहारनपुर में तैनात हैं. उनके मुताबिक, 19 जून की सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच जब परिवार वाले जतिन को जगाने के लिए गए तो वह मृत मिला.
बार-बार के परीक्षा से गहरे डिप्रेशन में था
वहीं, घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सुसाइड की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस जब पहुंची तो जतिन का शव उसके कमरे में फर्श पर पड़ा पाया. उसकी नाक और मुंह से झाग निकल रहे थे, जिससे प्रतीत हो रहा था कि उसने कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की होगी.
ASP उपासना पाण्डेय ने बताया कि सुसाइड से पहले एक वीडियो भी बनाया गया है, जिसकी जांच की जा रही है. जतिन ने वीडियो में बताया कि वह बार-बार के परीक्षा और असफलताओं से थक गया है, गहरे डिप्रेशन में था. उसने यह भी कहा कि उसके ऊपर परिवार से पढ़ाई का कोई दबाव नहीं था. उसकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाय.
6 साल से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था
जतिन का यह वीडियो 19 जून की रात लगभग 12:00 बजे के बाद बनाया गया था. परिवार का कहना है कि वह देर रात अपनी पढ़ाई कर रहा था और कमरे में टहल रहा था. जिसके बाद परिवार वाले सो गए थे और सुबह जब उठे और जतिन को कमरे में उठाने गए तो कमरे में जतिन का शव पड़ा था. इकलौता बेटे की मौत के बाद परिवार में गम का माहौल है.
सूत्रों के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार पिछले 6 साल से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था, इस बार उसका पांचवां एटेम्पट होने वाला था. वहीं, विजयनगर पुलिस की टीम और फॉरेंसिक यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल से बरामद आखिरी वीडियो की जांच की जा रही है.
