इन हाइवे-एक्सप्रेसवे पर महंगा होगा सफर, 1 अप्रैल से लागू होंगी नई टोल दरें; जानें जेब पर कितना पड़ेगा असर
1 अप्रैल से NHAI के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और NH-9 सहित प्रमुख मार्गों पर टोल दरें 5% तक बढ़ जाएंगी. यह बढ़ोतरी फास्टैग एनुअल पास की कीमत में भी होगी, जो अब ₹3,075 का होगा. यात्रियों को इन मार्गों पर सफर के लिए अपनी जेबें ढीली करनी पड़ेंगी. नई दरें 31 मार्च की रात 12 बजे से लागू होंगी.
एनएचएआई ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे-9 (NH-9) के लिए टोल दरों में संशोधन का प्रस्ताव है. माना जा रहा है कि एक अप्रैल यानी 31 मार्च की रात 12 बजे से 5 फीसदी की बढोत्तरी के साथ संशोधित टोल दरें लागू कर दी जाएंगी. इसी प्रकार 31 मार्च की रात 12 बजे से एनुअल फास्टैग की कीमत में भी 75 रुपये का इजाफा करने का प्रस्ताव है. माना जा रहा है कि अब एनुअल फास्टैग के लिए अब 3,075 रुपये खर्च करने होंगे.
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक अभी दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सराय काले खां से से मेरठ तक कार-जीप के लिए 170 रूपए का टोल वसूल किया जाता है. इसी प्रकार हल्के व्यावसायिक वाहनों से 275 रुपये, बस-ट्रक से 580 रुपये वसूल किया जाता है. ठीक इसी तर्ज पर एनएच-9 पर कार-जीप से 175 रुपये की टोल वसूली होती है. वहीं हल्के कॉमर्शियल वाहनों से 280 रुपये, बस-ट्रक चालकों को 590 रुपये टोल चुकाना होता है.
31 मार्च को होगी घोषणा
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार के मुताबिक संशोधित टोल दरों की घोषणा 31 मार्च को ही होगी और उसी दिन रात में 12 बजे से वसूली भी शुरू हो जाएगी. उन्होंने बताया कि इन तीनों सड़कों पर टोल दरों में बढोत्तरी के साथ ही एनएचएआई ने एनुअल फास्टैग पास की कीमत भी बढ़ाने का फैसला किया है. इस संबंध में 15 मार्च को ही एनएचएआई ने घोषणा कर दिया था. इसमें एनुअल पास की दरें 3000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये करने की बात कही गई थी.
टोल प्रणाली में हो रहा सुधार
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले साल टोल प्रणाली में सुधार की घोषणा की थी. इस संबंध में उन्होंने 18 दिसंबर को लोकसभा में भी बताया था कि नई टोल नीति बनाई गई है. इसमें किसी भी वाहन चालक से टोल उतनी ही दूरी का वसूल किया जाएगा, जितना वह चलेगा. मतलब हाईवे पर प्रवेश करते ही मीटर डाउन होगा और एग्जिट करने पर उतनी दूरी का टोल कैलकुलेट कर वसूल किया जाएगा. इस नीति के तहत 15 रुपये में भी एक टोल नाका पार किया जा सकेगा. इसी के साथ उन्होंने दावा किया था कि जल्द ही टोल नाकों पर गाड़ियों को रोकने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वह 80 की स्पीड से नाका पार कर सकेंगी.