गाजियाबाद की पुलिस चौकी में इस आतंकी संगठन ने कराया धमाका! सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए बम धमाके की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने सोशल मीडिया X पर ली है. पुलिस व केंद्रीय एजेंसियां इस दावे की गहन जांच कर रही हैं, क्योंकि यह किसी शरारत या गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है. दिवाली से पहले हुए इस छोटे धमाके में चौकी क्षतिग्रस्त हुई और दो लोग घायल हुए, जिनकी हालत अब स्थिर है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन (Tehreek-ul-Mujahideen) ने बम फोड़ा है. दिवाली से ठीक पहले यह बम धमाका गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा पुलिस चौकी में हुआ है. इस धमाके की जिम्मेदारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर आतंकी संगठन ने ली है. ‘गाजी 2’ (Ghazi 2) नाम के इसी अकाउंट से पुलिस चौकी में बम धमाका करने की धमकी भी दी गई थी.
इस इनपुट के बाद गाजियाबाद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां ने बड़े स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी है. खासतौर पर इस तरह का पोस्ट करने वाले सोशल मीडिया एकाउंट की भी जांच कराई जा रही है. पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (ट्विटर) पर ‘गाजी 2’ नाम के हैंडल से यह पोस्ट किया गया है. इसमें दावा किया गया कि वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने कराया है.
रात 10 बजे हुआ था धमाका
भारत में को प्रतिबंधित इस संगठन की जांच यूपी पुलिस, साइबर सेल और एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) कर रही है. पुलिस को आशंका है कि यह पोस्ट किसी असामाजिक तत्व द्वारा भी किया गया हो सकता है. इसके पीछे अफवाह या शरारत भी हो सकती है. पुलिस इस घटना और पोस्ट के पीछे किसी गहरी साजिश से भी इनकार नहीं कर रही. यह बम धमाका शुक्रवार की रात करीब 10 बजे हुआ था.
छोटा था बम धमाका
पुलिस के मुताबिक यह छोटा सा धमाका था, लेकिन इसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई. धमाके से चौकी के दरवाजे, खिड़कियां और एसी (AC) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए है. घटना के वक्त चौकी में एक दरोगा और चौकी में खाना डिलीवर करने आए एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे. इस घटना में दोनों घायल हुए हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है.
