दिन में पिता ने डांटा, रात में बेटे ने गला काटकर ले ली जान… गाजियाबाद में मचा हड़कंप
गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 15 वर्षीय बेटे ने पिता की डांट से नाराज़ होकर रात में सोते समय सब्जी वाले चाकू से उनका गला रेतकर हत्या कर दी. यह वारदात गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. शनिवार की देर रात यहां एक 15 वर्षीय किशोर ने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पिता का गला रेत दिया. वारदात के वक्त आरोपी के पिता गहरी नींद में सो रहे थे, इसलिए उन्हें अपने बचाव का भी मौका नहीं मिला. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वारदात गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र की आशियाना सिटी स्थित बुध बाजार का है. पुलिस के मुताबिक मृत पिता की पहचान इरफान अहमद (58) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में पता चला है कि दिन में किसी बात को लेकर आरोपी के पिता ने उसे डांट लगा दी थी. यह डांट आरोपी को नागवार लगी और रात में जब उसके पिता सो गए तो आरोपी ने चुपके से जाकर उनका गला रेत दिया.
आरोपी की मां ने बुलाई पुलिस
एसीपी लोनी रामकिशन के मुताबिक आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अब तक की पूछताछ में आरोपी बेटे ने वारदात के संबंध में कुछ अहम जानकारी दी है. पुलिस इसका सत्यापन कर रही है. उन्होंने बताया कि यह वारदात बुधवार की देर रात करीब 3:15 बजे की है. यहां बुध बाजार आशियाना सिटी में रहने वाली चांदनी ने पुलिस को सूचना दी. बताया कि उनके पति इरफान की हत्या के उनके बेटे ने कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद परिजन इरफान को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी बेटे से पूछताछ के अलावा परिजनों एवं पास पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. एसीपी लोनी के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
