बकरा हलाल होते देखा क्या… बकरीद के दिन सूर्या के पेट में घोंपा था चाकू, 48 घंटे में पुलिस ने मार गिराया
गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है. बकरीद के दिन असद ने सूर्या को धोखे से बुलाकर बेरहमी से चाकू से गोद डाला था. इस क्रूर हत्या के बाद गाजियाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को ढेर कर दिया. सूर्या की मां ने पुलिस के इस कदम का आभार व्यक्त किया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मार गिराया है. शनिवार-रविवार की देर रात हुए इस एनकाउंटर में एक पुलिस कांस्टेबल भी जख्मी हुआ है. खोड़ा और इंदिरापुरम थाना पुलिस ने यह एनकाउंटर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभयखंड में अंजाम दिया आरोपी सूर्या हत्याकांड के बाद से ही इंदिरापुरम में छिपा था. अब पुलिस उसे शरण देने वाले की पहचान और धरपकड़ में जुटी है.
गौरतलब है कि आठ महीने पहले आरोपी असद का सूर्या के साथ झगड़ा हुआ था. इस झगड़े से पहले दोनों जिगरी यार हुआ करते थे, लेकिन झगड़े के बाद असद सूर्या से रंजिश रखने लगा था. दो दिन पहले बकरीद के दिन आरोपी असद ने फोनकर गिले शिकवे मिटाने के बहाने सूर्या को बुलाया. वहीं जब सूर्या वहां पहुंचा तो आरोपी ने पूछा कि बकरा हलाल होते देखा है क्या? सूर्या ने मना किया तो आरोपी ने धारदार हथियार से उसे काट डाला.
बाहर आ गई थी आंतें
खोड़ा के नवनीत विहार में रहने वाले सूर्या के परिजनों ने बताया कि आरोपी ने इस कदर बेरहमी से इस वारदात को अंजाम दिया था कि सूर्या की आंतें तक बाहर आ गई थीं. आरोपी ने सूर्या के पेट में चाकू से चार बार वार किया. इसके बाद सूर्या वहां से अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा भी, लेकिन खून ज्यादा बहने की वजह से अचेत होकर गिर पड़ा. जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अगले दिन उसने दम तोड़ दिया.
मां बोली थैक्यू पुलिस
आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद सूर्या की मां ने पुलिस का आभार प्रकट किया है. कहा कि वह चाहती थी कि उनके बेटे के हत्यारोपी को ऐसी सजा मिले कि कोई दूसरा ऐसा करने से पहले दस बार सोचे. सूर्या की मां ने पुलिस से कहा कि हो सके तो आरोपी के घर पर बुलडोजर भी चलना चाहिए. सूर्या की मां ने कहा कि उनके दो बेटे थे. बड़ा बेटा दिव्यांग है, ऐसे में उसे सूर्या से ही उम्मीद थी कि वह परिवार का पालनहार बनेगा, लेकिन आरोपी ने उसकी हत्या कर दी.
पुलिस का सातवां एनकाउंटर
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ के कार्यकाल में 7वां एनकाउंटर सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद का हुआ है. इससे पहले आईपीएस जे रविंद्र गौड़ के निर्देश पर छह बदमाशों का फुल एनकाउंटर हो चुका है. यह कार्रवाई डीसीपी धवल जायसवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने किया है. बता दें कि दो समुदायों के बीच का मामला होने की वजह से सूर्या हत्याकांड ना केवल गाजियाबाद, बल्कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था.