पत्नी के पड़ोसी से थे संबंध! समझाने पर भी नहीं मानी तो पति ने दे दी 50 हजार में सुपारी, तीसरे प्रयास में लगी गोली
गाजियाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में 50 हजार रुपये में उसकी हत्या की सुपारी दे दी. तीन शूटर्स ने पत्नी पर हमला किया और गोली लगने के बावजूद वह बच निकली. पुलिस ने इस खौफनाक साजिश का खुलासा करते हुए पति और तीनों शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद में एक खौफनाक घटना हुई है. यहां एक युवक ने खुद अपनी ही पत्नी की हत्या के लिए 3 शूटर हॉयर किए और 50 हजार की सुपारी दे दी. इन शूटर्स ने आरोपी की पत्नी को तीन बार गोली मारने की कोशिश की, इसमें दो बार तो आरोपी की पत्नी साफ बच गई, लेकिन तीसरी बार गोली छूकर निकली है. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने तीनों शूटर्स समेत आरोपी को अरेस्ट करते हुए मामले का खुलासा किया है. इस वारदात के पीछे अवैध संबंधों की कहानी निकल कर आई है.
वारदात गाजियाबाद में लोनी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खुद ही अपनी पत्नी को गोली मारने की की सूचना दी और इसका आरोप उन लोगों पर लगाया, जिनपर उसे पत्नी के साथ अवैध संबंध रखने का शक था. ये लोग आरोपी के अपने ही परिवार के हैं. सूचना पर पुलिस ने छानबीन शुरू की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. इस दौरान घटना स्थल पर तीन लोग नजर आए. पुलिस ने इनकी पहचान कर हिरासत में लिया और पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया.
आरोपियों ने कबूली वारदात
पुलिस की पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वह शूटर्स हैं. उन्हें महिला के पति ने ही 50 हजार रुपये में सुपारी दी थी. आरोपियों के मुताबिक इससे पहले उन लोगों ने महिला की हत्या की कोशिश दो बार की थी, लेकिन वह बच निकली थी. ऐसे में तीसरा प्रयास किया, इसमें महिला को गोली भी लगी, फिर भी वह बच गई. आरोपियों के बयान और उनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने महिला के पति को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
इसलिए हैवान बना पति
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी सबसे हंसकर बात करती थी. खासतौर पर परिवार के ही दो तीन लड़कों से वह काफी बात करती थी. आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के इन लड़कों के साथ अवैध संबंध हैं. उसे यह भी शक था कि उसकी पत्नी उसके पीठ पीछे इन लड़कों से शारीरिक संबंध भी बनाती है. इसी शक की वजह से इनके बीच झगड़े भी होते थे. आरोपी का कहना है कि समझाने पर भी उसकी पत्नी नहीं मानी तो उसने उसकी हत्या की सुपारी दे दी थी.