फांसी, आत्मदाह… Google पर सर्च किया, फिर लगाई आग; आखिरी वक्त जुबां पर था अभिषेक का नाम

गाजियाबाद में एक युवक ने गूगल पर सुसाइड के तरीके खोजने के बाद आत्मदाह कर लिया. न्याय विभाग में नौकरी लगने के बावजूद मधुर यादव ने प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठाया. जांच में मोबाइल से खुलासा हुआ कि उसने फांसी और आग लगाकर मरने के तरीके सर्च किए थे. मरने से पहले उसने अभिषेक का नाम लिया, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

गाजियाबाद में युवक ने किया सुसाइड Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने खुद ही अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़कर आत्मदाह कर लिया है. देखने में यह भले ही एक सामान्य घटना लग सकती है, लेकिन मृतक के मोबाइल की जांच में कई हैरतंगेज खुलासे हुए हैं. पिछले दिनों ही इस युवक का राजस्थान के न्याय विभाग में स्टेनो की नौकरी लगी थी. कुछ दिन बाद ही उसे जॉइन करना था. ऐसे में युवक के सुसाइड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

मामला गाजियाबाद में मोदीनगर थाना क्षेत्र के मंगल विहार कॉलोनी का है. पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले जितेंद्र यादव सिंचाई विभाग में कार्यरत हैं. वहीं उनका बड़े बेटे मधुर यादव का चयन हाल ही में राजस्थान के न्याय विभाग के स्टेनो के पद पर हुआ है. वह जॉइनिंग डेट का इंतजार कर रहा था. इसी बीच मधुर ने शनिवार की रात अपने घर से दो किमी दूर जाकर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह कर लिया.

इलाज के दौरान हुई मौत

इस घटना में मधुर करीब 80% तक झुलस गया था. जानकारी होने पर परिजन लोकल अस्पताल में ले गए, जहां से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने उसे बचाने की खूब कोशिश की, लेकिन रविवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी.

प्रेम प्रसंग का आया एंगल

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल आया है. पता चला है कि मधुर का एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. लड़की मधुर पर शादी के लिए दबाव बना रही थी. परिजनों के मुताबिक मरते समय मधुर ने अभिषेक नामक किसी युवक का नाम लिया है. हालांकि अभी तक साफ नहीं हो सका है कि इस घटना से अभिषेक का क्या कनेक्शन है.

मोबाइल फोन से खुले कई राज

पुलिस के मुताबिक मधुर के मोबाइल फोन से कई राज उजागर हुए हैं. इसमें पता चला है कि मधुर ने 31 जनवरी को गूगल पर सुसाइड का तरीका सर्च किया था. इसमें सर्च किया था कि फांसी लगाकर कैसे मरे या आग में जलकर कैसे मरें. फिलहाल पुलिस ने मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए साइबर एक्सपर्ट के पास भेजा है. पुलिस के मुताबिक मधुर ने एक हफ्ते पहले भी अपने हाथ में आग लगाई थी, हालांकि समय रहते पता चलने पर उसे बचा लिया गया था.