गाजीपुर: जमीन रजिस्ट्री में आधार-OTP अनिवार्य, रुकेगा फर्जीवाड़ा; मंत्री ने खोला पूर्व सरकार का पोल
गाजीपुर में जमीन रजिस्ट्री को लेकर स्टांप विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. नए सॉफ्टवेयर लागू किए गए हैं. अब आधार वेरिफिकेशन, ओटीपी और पैन कार्ड अनिवार्य होगा. वहीं, स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री ने बताया कि यह कदम बसपा सरकार में हुए एक बड़े फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद उठाया गया है.
गाजीपुर में जमीन रजिस्ट्री में फर्जीवाड़े को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है. स्टांप विभाग में कई दिनों से सरवर स्लो होने का आरोप लगा रहा था. वहीं, अब नए सॉफ्टवेयर लागू किए गए हैं. जिसमें आधार वेरिफिकेशन, ओटीपी और पैन कार्ड अनिवार्य होगा. स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री का कहना है कि यह कदम बसपा सरकार में हुए फर्जीवाड़े के बाद उठाया गया है.
स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नए नियम को पूर्व की सरकार में फर्जीवाड़े से जुड़ा बताया. उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में एक पूर्व मंत्री ने जेल में रहने वाले व्यक्ति का अपने नाम से जमीन का फर्जी रजिस्ट्री कर लिया था. शिकायत पर जब जांच हुई तो पता चला कि उस व्यक्ति का आधार कार्ड भी सही लगा था, लेकिन गलत तरीके से रजिस्टर्ड की गई.
इन्हीं फर्जीवाड़े को लेकर नई प्रक्रिया शुरू की गई
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर नई प्रक्रिया शुरू की गई है. अब आधार कार्ड के साथ वेरिफिकेशन ओटीपी भी अनिवार्य होगा. फिलहाल, कुछ समस्याएं आ रही हैं, पर लक्ष्य पारदर्शी और सुरक्षित रजिस्ट्री है. जब से आधार कार्ड की वेरिफिकेशन और ओटीपी का ऑप्शन आया है तब से कार्य करने में दिक्कतें आ रही हैं.
रजिस्ट्री के कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ो लोगों की भीड़ तो लग रही है, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री मात्र कुछ लोगों का ही हो पा रहा है जिसके चलते रजिस्ट्री क्रेता विक्रेता के साथ ही अधिवक्ता और विभागीय अधिकारी भी काफी परेशान नजर आ रहे हैं. मंत्री ने बताया कि स्टांप एवं पंजीयन विभाग में फर्जीवाड़ा को रोकने के लिए तीन तरह के नए कार्य शुरू कर दिए गए हैं.
60 साल के बुजुर्ग की आंखों की रेटिना होगी चेक
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि पहले आधार कार्ड लगता था लेकिन अब आधार कार्ड का वेरिफिकेशन किया जा रहा है कि जिसका आधार कार्ड है वह व्यक्ति है या नहीं. इसके अलावा यदि कोई 60 से 70 साल का बुजुर्ग है तो उसके आंखों की रेटिना भी इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से चेक की जा रही है. इसके अलावा पैन कार्ड भी अनिवार्य कर दिया गया है.
