माता हुई कुमाता! रॉड से कूच दिया दोनों बेटों का सिर, खुद लगाने जा रही थी फंदा; तभी पहुंची पुलिस
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक मां ने अपने 12 और 11 वर्षीय दो बेटों करन व आर्यन की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने खुद फांसी लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया और उसे हिरासत में ले लिया. बच्चों की हत्या रॉड से सिर कुचलकर की गई है. पुलिस पिता की दो शादियों को वारदात का एक संभावित कारण मानकर जांच कर रही है, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा है.
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां खानपुर थाना क्षेत्र में जमीन संदल गांव के मौजा बहलाइचा रजहटी में एक महिला ने अपने ही जिगर के दो टुकड़ों की बेरहमी से हत्या कर दी. वह खुद भी फांसी लगाने जा रही थी, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया. यह वारदात बुधवार शाम की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक मृत बच्चों की पहचान 12 वर्षीय करन राजभर और 11 वर्षीय आर्यन राजभर के रूप में हुई है. प्रथम दृष्टया दोनों की मौत रॉड से सिर कुचलने की वजह से हुई है. हालांकि, पुलिस दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने खुद मौका मुआयना किया और घटना स्थल पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है.
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद घर में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सैदपुर क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के साथ ही पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ की. वहीं एसपी गाजीपुर डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मामले की जांच के लिए थाना पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि अभी तक वारदात की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है.
पहले गुमशुदगी की थी सूचना
पुलिस के मुताबिक पहले गुमशुदगी की सूचना मिली थी. बताया गया था कि परिवार के दो बच्चे नहीं मिल रहे हैं. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरों की तलाशी ली तो दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर बरामद हुए. एसपी गाजीपुर के मुताबिक इन बच्चों की हत्या उनकी मां ने ही की है. वह खुद भी दूसरे कमरे में जाकर सुसाइड करना चाहती थी, लेकिन उसे बचा लिया गया है. फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
क्या है वारदात की वजह?
पुलिस के मुताबिक बच्चों के पिता अर्जुन राजभर ने दो शादी की है. बताया जा रहा है कि इन बच्चों की हत्या के पीछे ये भी एक एंगल हो सकता है. खबर मिलने पर मौके पर पहुंचे बच्चों के दादा लालजी राजभर और दादी लालपरी ने पुलिस को बयान दिया है. इधर, एक साथ एक ही परिवार के दो बच्चों की हत्या से पूरे गांव में मातम पसर गया है. इस घटना को लेकर सोशल मीडिया में भी तरह तरह की चर्चा शुरू हो गई है.
