शामली में हरियाणवी सिंगर की गोली मारकर हत्या, जिम से निकलते हुई वारदात; मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई है. चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. यह वारदात आर्यपुरी नाला पटरी पर हुई. पुलिस पुरानी रंजिश और हाल ही में पोस्ट किए गए सोशल मीडिया वीडियो सहित विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या

उत्तर प्रदेश के शामली में मशहूर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या हो गई है. म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बना चुके सिंगर अंकित बालियान बुधवार की शाम जिम से बाहर निकल रहे थे. तभी चार हमलावरों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की. यह वारदात शामली के आर्यपुरी नाला पटरी का है. इस वारदात में बदमाशों ने पिस्टल से 20 से अधिक राउंड फायर किए हैं. वारदात के बाद से अंकित बालियान का नाम सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है.

बता दें कि अंकित बालियान हरियाणवी इंडस्ट्री में उभरता हुआ और जाना-पहचाना नाम था. वह चर्चित हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ कई एलबम में काम कर चुके थे. उनके कई गानों को करोड़ों व्यूज मिले हैं. वर्ष 2023 में भी उनके नाम से शामली में रोड शो और समर्थकों के हुड़दंग की खबर सामने आई थी. उस मामले में पुलिस ने अंकित बालियान और करीब 35-40 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था.

एंफ्लूएंसर भी थे अंकित बालियान

अंकित बालियान की पहचान सिर्फ गायकी तक सीमित नहीं थी, वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थे. उनके यूट्यूब चैनल ‘Ankit Baliyan’ पर 3.50 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर, फेसबुक पर करीब 1.36 लाख फॉलोअर और इंस्टाग्राम पर करीब 4.20 लाख फॉलोअर बताए जा रहे हैं. उनके गानों और वीडियो के हजारों क्लिप अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं.

वारदात से पहले किसे बताया ‘खास भाई’

इस वारदात से दो घंटे पहले अंकित बालियान के फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट हुआ था. इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा था ‘खास भाई’. इसमें वह खुद हरियाणवी अंदाज में एक लाइन गुनगुनाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह ऐसी लाइन बोलते हैं, जिनमें हत्या, गोली और सड़क पर दुश्मनी का जिक्र है. वीडियो के आखिर में अंकित अपने फॉलोअर्स से इस लाइन को शेयर करने की अपील भी करते हैं.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक इस वीडियो को हत्या से जोड़ना अभी जल्दबाजी होगी. अभी मामले की जांच चल रही है. पुलिस के सामने अब इस घटना को लेकर कई सवाल हैं. पहला तो यही कि अंकित की रेकी किसने की? चार हमलावरों को उनके जिम से निकलने के समय की जानकारी कैसे मिली? क्या हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी? और क्या घटना से पहले पोस्ट किया गया वीडियो किसी विवाद या धमकी से जुड़ा था?

Follow Us