UPTET 2026 का रिजल्ट जारी, पिछले महीने हुई थी परीक्षा; यहां देखें रिजल्ट
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने UPTET 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं. प्राथमिक स्तर पर 80.07% अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर यह आंकड़ा 71.85% रहा. कुल मिलाकर 19 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 5.71 लाख से अधिक प्राथमिक और 7.59 लाख से अधिक उच्च प्राथमिक स्तर पर सफल घोषित हुए. परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है.
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) का परिणाम बुधवार की देर शाम जारी कर दिया. यह परीक्षा 2 व 3 जुलाई 2026 को दो-दो पाली तथा 4 जुलाई 2026 को एक पाली में कराई गई थी. इसमें 3 पाली उच्च प्राथमिक स्तर के लिए थी, वहीं बाकी दो पाली परीक्षा प्राथमिक स्तर के लिए थी. इस परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 जिलों में कुल 955 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे.
यह जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि UPTET 2026 की लिखित परीक्षा कुल 19 लाख 94 हजार 661 अभ्यर्थी बैठे थे. इनमें से प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05 तक) के लिए हुई परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इनका पासिंग प्रतिशत 80.07 प्रतिशत रहा, यानी कुल 5 लाख 71 हजार 435 अभ्यर्थी सफल हुए हैं.
उच्च प्राथमिक में 71 फीसदी पास
उन्होंने बताया कि उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08 तक) के लिए हुई परीक्षा में कुल 10 लाख 57 हजार 021 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इनमें से 71.85 प्रतिशत यानी 7 लाख 59 हजार 513 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. आयोग अध्यक्ष के मुताबिक कार्यरत शिक्षकों में प्राथमिक स्तर पर 1 लाख 22 हजार 405 में से 76.29 प्रतिशत यानी 93 हजार 387 तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर 1 लाख 46 हजार 394 शिक्षकों में से 77.45 प्रतिशत यानी 1 लाख 13 हजार 384 सफल हुए हैं. इस परीक्षा का रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर अपलोड कर दी गई है.
पारदर्शी तरीके से हुई परीक्षा
आयोग अध्यक्ष के मुताबिक उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों वाली इस विशाल परीक्षा को सूचिता के संपन्न कराना बड़ी चुनौती थी, लेकिन आयोग ने सफलता पूर्वक इस परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ सम्पन्न करा लिया है. उन्होंने कहा कि विज्ञापन में पूर्व से निर्धारित तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया का पालन करते हुए परिणाम तैयार किया गया है.
