मुख्तार गैंग के शार्प शूटर अंगद राय पर शिकंजा, 9.5 करोड़ की संपत्ति कुर्क; दर्ज हैं 25 मुकदमे

गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग के शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की करीब 9.5 करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क की है. यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर की गई. आरोप है कि यह संपत्ति संगठित अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी. अंगद राय पर गैंगस्टर एक्ट सहित 25 मुकदमे दर्ज हैं.

मुख्तार गैंग के शार्पशूटर अंगद राय पर कसा शिकंजा

गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है. गैंग के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय उर्फ झूलन की करीब 9 करोड़ 50 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली है. पुलिस का दावा है कि यह संपत्ति संगठित अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी और आरोपी ने इसे अपनी पत्नी के नाम पर कराया था.

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश और पुलिस अधीक्षक की संस्तुति पर सोमवार को की गई. अंगद राय की कुर्क की गई यह संपत्ति मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के गिरधरिया गांव में स्थित है, जिसमें जमीन और मकान शामिल हैं. प्रशासन के मुताबिक, संपत्ति का मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 9 करोड़ 50 लाख रुपये है.

गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत दर्ज हैं 25 मुकदमे

पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत संपत्ति कुर्क की है. जांच में सामने आया कि आरोपी अंगद राय उर्फ झूलन ने कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन के जरिए यह संपत्ति अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर खरीदी थी. यह संपत्ति व्यावसायिक क्षेत्र में स्थित है.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अंगद राय उर्फ झूलन के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 25 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं. वर्तमान कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 314/2023 के तहत की गई है.

‘अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई जारी रहेगी’

कुर्की की कार्रवाई के दौरान तहसील प्रशासन, भांवरकोल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम के साथ क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि यह संपत्ति अवैध कमाई से अर्जित किया गया था. संगठित अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

Follow Us