‘भैया प्रणाम, हमारी क्या औकात कि…’ पहले सपा सांसद के छुए पैर, फिर मांगी माफी; SHO का Video वायरल
गाजीपुर में बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय को रोके जाने के बाद SHO संजय मिश्रा का पैर छूने और माफी मांगने का वीडियो वायरल हो रहा है. 'हमारी क्या औकात' कहते SHO के इस वीडियो से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. सपा नेताओं से कथित करीबी के आरोपों के बीच यह घटना पुलिस-राजनीति संबंधों पर सवाल उठा रही है.
बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय और बलिया में ही नगरा थाने के एसएचओ संजय मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो बलिया-गाजीपुर बॉर्डर पर बिरनो टोल प्लाजा के पास का है. जहां पुलिस ने सपा सांसद को रोक लिया था. वह मणिकर्णिका घाट पर हुए ध्वस्तीकरण करण का निरीक्षण करने के लिए सपा डेलीगेशन के साथ जा रहे थे. इसी दौरान भीड़ में नगरा एसएचओ संजय मिश्रा भी आ गए. उन्होंने सांसद के पैर छुए और उन्हें बड़े भैया कहते हुए आर्शीवाद लिया.
पुलिस के रोके जाने पर सपा सांसद समर्थकों के साथ वहीं धरने पर बैठ गए. इसकी जानकारी मिलने पर गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव सहित तमाम सपा नेता भी मौके पर पहुंच गए. इसी भीड़ में एसएचओ संजय मिश्रा भी आए और सपा सांसद के पैरों में झुक गए. इस घटनाक्रम को वहां मौजूद किसी कार्यकर्ता ने ही अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. यही वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
महकमे में मचा हड़कंप
वायरल वीडियो एक दिन पहले 25 जनवरी का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक उस समय सपा सांसद सनातन पांडेय अपने समर्थकों के साथ बलिया से बनारस जाने के लिए निकले थे. लेकिन पुलिस ने बिरनो टोल प्लाजा पर ही उन्हें रोक लिया था. इसके बाद वह धरने पर बैठ गए थे. इस दौरान भीड़ में इंस्पेक्टर संजय मिश्रा के आने और सांसद के पैर छूकर माफी मांगने की घटना हो गई. यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते महकमे में हड़कंप मच गया है.
सपा नेताओं के करीबी होने का आरोप
नगरा एसएचओ संजय मिश्रा बलिया ट्रांसफर से पहले गाजीपुर में तैनात रहे हैं. आरोप है कि गाजीपुर रहने के दौरान वह सपा नेताओं के काफी करीब रहे हैं. शायद यही कारण है कि जंगीपुर विधायक डॉक्टर वीरेंद्र यादव के द्वारा सांसद सनातन पांडे को गिरफ्तार करने की बात कही गई तो वह माफी मांगने लगे. बल्कि यहां तक कह दिया कि उनकी क्या औकात कि उन्हें गिरफ्तार करें. बल्कि 50 सेकेंड के इस वीडियो में इंस्पेक्टर सांसद के पैर छूकर “भैया प्रणाम” कहते हुए सुने जा रहे हैं.
क्या हुई बातचीत?
इंस्पेक्टर संजय मिश्रा को देखकर विधायक वीरेंद्र यादव ने पूछा कि आप यहां कैसे? इसके जवाब में थाना प्रभारी ने मजाकिया लहजे में कहा कि आप जहां बुलाएंगे, वहां चले आएंगे. इसके बाद विधायक ने भी व्यंग्य में कहा कि आप हमें गिरफ्तार कर लीजिए. इसके जवाब में इंस्पेक्टर ने कहा कि हमारी औकात कहां कि आपको गिरफ्तार करें. यह सुनकर मौके पर मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं. इसके बाद इंस्पेक्टर ने कहा कि हम गिरफ्तार नहीं करेंगे. बल्कि, आपके साथ ही बैठेंगे.
