‘धर्म बदलो, तभी मिलेगी नौकरी…’, गाजीपुर में धर्मांतरण के आरोपों के बीच फंसी शिक्षक भर्ती

गाजीपुर में चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद भी कार्यभार नहीं मिल रहा. एक शिक्षिका ने स्कूल पर धर्म परिवर्तन की मांग का आरोप लगाया है. जिलाधिकारी के जनता दर्शन में पहुंचे शिक्षकों ने न्याय की गुहार लगाई. प्रभारी BSA ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

स्कूल पर धर्म परिवर्तन की मांग के गंभीर आरोप

गाजीपुर में बेसिक शिक्षा विभाग में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. नियुक्ति पत्र जारी होने के बावजूद कई चयनित शिक्षक अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कर सके हैं. सोमवार को ऐसे अभ्यर्थी जिलाधिकारी के जनता दर्शन में पहुंचे और न्याय की मांग की. एक चयनित शिक्षिका ने तो यहां तक आरोप लगाया कि उनसे धर्म परिवर्तन करने की बात कही गई.

साल 2021 की सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में चयनित शिक्षिका प्रिया मुखर्जी ने बताया कि उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जूनियर हाई स्कूल स्वास्थ्य सेवा आश्रम, रसूलपुर में नियुक्ति पत्र जारी किया गया था. नियुक्ति पत्र मिलने के बाद वह कई बार विद्यालय पहुंचीं, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें कार्यभार ग्रहण नहीं करने दिया.

ईसाई बनो तभी मिलेगी नौकरी- गंभीर आरोप

प्रिया मुखर्जी का आरोप है कि विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने कहा कि’यह अल्पसंख्यक संस्थान है और यदि वह ईसाई धर्म स्वीकार कर लें या ईसाई होतीं, तभी उन्हें नियुक्ति दी जाएगी.’ उन्होंने कहा कि वह कई बार विद्यालय और बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ.

पीड़िता ने बताया कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि उनके जैसे कई अन्य चयनित शिक्षक भी नियुक्ति पत्र मिलने के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए हैं. उनका आरोप है कि विभाग की ओर से बार-बार रिमाइंडर भेजे जाने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है. इसी को लेकर सभी शिक्षकों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की.

ऐसी बातें बिल्कुल स्वीकार्य नहीं हैं- प्रभारी BSA

वहीं, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने कहा कि शिक्षक चयन आयोग से चयनित अभ्यर्थियों को विभाग द्वारा विधिवत नियुक्ति पत्र जारी किया गया है और विद्यालयों का दायित्व है कि नियमानुसार उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाए. यदि अनावश्यक देरी की गई है तो नोटिस जारी किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि निर्देश का पालन नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी. वहीं, धर्म परिवर्तन संबंधी आरोपों पर उन्होंने कहा कि ऐसी बातें बिल्कुल स्वीकार्य नहीं हैं. फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. बहरहाल, इस आरोपों को लेकर जिले में हड़कंप है.

Follow Us