विनीत राय हत्याकांड का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, एक लाख का इनामी था कमलेश चौधरी
विनीत राय हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी को गाजीपुर पुलिस ने मार गिराया है. यह बदमाश आमने सामने की फायरिंग में मारा गया है. इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
विनीत राय हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी को गाजीपुर पुलिस ने मार गिराया है. यह बदमाश आमने सामने की फायरिंग में मारा गया है. इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह एनकाउंटर सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के कुर्था गांव में हुआ. सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर में 29 मई को होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में इस बदमाश की तलाश पुलिस कर रही थी.
बता दें कि बिंदु होटल के मालिक के बेटे विनीत राय की हत्या बीते शुक्रवार को कटरा गैंग के बदमाशों ने कर दी थी. इस वारदात के बाद एक्शन में आई गाजीपुर पुलिस ने गैंग के सभी बदमाशों के खिलाफ इनाम घोषित कर इनकी तलाश शुरू कर दी. वहीं इस मामले में पर संज्ञान लेते हुए डीआईजी वाराणसी ने मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी पर एक लाख और बाकी आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया था.
इनके खिलाफ दर्ज हुआ था मामला
विनीत राय हत्याकांड में पुलिस ने कटरा गैंग के सरगना और फतेहपुर सिकंदरपुर (गौशाबाद) थाना कोतवाली के रहने वाले शंकर पांडेय के अलावा जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव, आलोक दुबे और कमलेश चौधरी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया था. इनमें से पुलिस ने कमलेश चौधरी को मार गिराया है. एनकाउंटर के बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. अब पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है.
