‘अब भारत चुनौतियों से घबराता नहीं टकराता है’, TV9 के मंच पर बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीवी9 भारतवर्ष के मंच पर मौजूद वैश्विक परिस्थितयों को लेकर भारत का पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद, भारत ने कई कठिनाइयों का सामना किया है, लेकिन 140 करोड़ भारतीयों ने एकजुट होकर हर आपदा को पार किया है. भारत अब चुनौतियों से टकराता है, खाड़ी से लेकर वैश्विक पश्चिम तक अभूतपूर्व सेतु बनाता है. भारत राष्ट्रीय हितों, शांति और संवाद को प्राथमिकता देते हुए एक विभाजित दुनिया में एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में खड़ा है.
टीवी9 भारतवर्ष के मंच पर पीएम मोदी ने कहा कि अब भारत चुनौतियों से घबराता नहीं है, बल्कि चुनौतियों से टकराता है. पीएम ने कहा कि आज पूरा विश्व गंभीर परिस्थितियों से गुजर रहा है, हालात चिंताजनक हैं., लेकिन भारत अपनी गति से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया कॉन्फ्लिक्ट्स के कारण उलझी हुई है और इसका प्रभाव पूरी दुनिया पर दिख रहा है, इस परिस्थिति में भी India and the World की बात करना बहुत ही प्रासंगिक हो जाता है.
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद चुनौतियां एक के बाद एक बढ़ती ही गई हैं ऐसा कोई वर्ष नहीं रहा, जिसने भारत और भारतीयों की परीक्षा न ली हो. बावजूद इसके, 140 करोड़ भारतीयों के एकजुट प्रयास से भारत हर आपदा का सामना करते हुए लगातार और अपनी गति से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि आज का भारत चुनौतियों से घबराता नहीं है, बल्कि पूरी ताकत के साथ टकराता है.
भारत की नीति से दुनिया हैरान
पीएम मोदी ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया युद्ध की परिस्थितियों में परेशान है. बावजूद इसके भारत की नीति की वजह से यहां बहुत ज्यादा असर नहीं है. इन परिस्थितियों में भी भारत की नीति और रणनीति को देखकर, भारत के सामर्थ्य को देखकर दुनिया के अनेकों देश हैरान हैं. आज जब दुनिया इतने सारे खेमों में बंटी हुई है, भारत ने अभूतपूर्व और अकल्पनीय सेतु बनाए हैं. Gulf से लेकर Global West तक, Global South से लेकर पड़ोसी देशों तक भारत सभी का Trusted Partner है.
रखा भारत का पक्ष
पीएम मोदी ने कहा कि गल्फ कंट्रीज में चल रहे युद्ध को लेकर अक्सर कुछ लोग पूछते हैं, हम किसके साथ हैं? तो उनके लिए जवाब यही है, हम भारत के साथ हैं, हम भारत के हितों के साथ हैं, शांति के साथ हैं, संवाद के साथ हैं. उन्होंने कहा कि भारत की खाड़ी में चल रहे युद्ध के बीच भारत की पहली प्राथमिकता भारतीयों की सुरक्षा है और इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों से भारतीय लोगों को सुरक्षित वापस लाया जा रहा है.
