UP में एक और सास-दामाद कांड, विधवा को ले भागा तीन बच्चों का बाप; न्याय के लिए भटक रही पत्नी
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक और दामाद अपने मौसिया सास के साथ फरार हो गया है. पीड़ित पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ न्याय के लिए दर-दर भटक रही है. उसने गोंडा और लखनऊ पुलिस में शिकायत भी दी है, हालांकि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. बताया कि उसने अपने पति और मौसी को रंगे हाथ पकड़ लिया तो दोनों फरार हो गए.
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सास-दामाद कांड अभी थमा भी नहीं कि ठीक इसी तरह का एक नया मामला गोंडा जिले से सामने आ गया है. यहां एक और युवक अपनी सास के साथ फरार हो गया है. अंतर इतना है कि यह सगी सास नहीं, बल्कि युवक की मौसिया सास है. इस संबंध में युवक की पत्नी ने पहले गोंडा और फिर लखनऊ पुलिस में तहरीर दी है. पीड़ित पत्नी का आरोप है कि गोंड़ा से लेकर लखनऊ तक लगातार चक्कर काटने के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही.
गोंडा के नवाबगंज में रहने वाली पीड़ित पत्नी ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका निकाह साल 2017 में इरफान के साथ हुआ था. उसे एक छह साल का बेटा है, वहीं दो बेटियां पांच व चार साल की हैं. उसने बताया कि निकाह के बाद वह अपनी ससुराल में हंसी खुशी के साथ रह रही थी. कहा कि पहले उसके पति गोंडा में ही ऑटो चलाते थे, बाद में वह अपने ऑटो के साथ लखनऊ आ गए और फिर यहीं पर किराए का घर लेकर वह परिवार समेत रह रही थी.
पत्नी ने रंगे हाथ पकड़ा तो हो गए फरार
पीड़ित पत्नी के मुताबिक उसके निकाह के अगले ही साल खरगूपुर में रहने वाले उसके मौसा की मौत हो गई. वहीं उससे मिलने के बहाने उसकी विधवा मौसी अक्सर लखनऊ आने लगी. इसी दौरान उसके पति और मौसी के बीच अवैध संबंध बन गए. इसके बाद वह अक्सर मिलने लगे. इसकी भनक उसे भी लग चुकी थी. कुछ दिन पहले उसने अपनी मौसी और अपने पति को आपत्तिजनक हाल में देख लिया. उसने इसका विरोध किया तो दोनों घर से फरार हो गए.
एसपी से मिलकर लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता ने बताया कि उसके बाद से ही वह न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है. पीड़ित पत्नी ने बताया कि उसने पहले लखनऊ के ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी, इसके बाद उसने अपने मायके और अपनी मौसी की ससुराल वाले थाने में शिकायत की. बावजूद इसके कहीं से भी उसे न्याय नहीं मिला है. पीड़िता के मुताबिक अब उसने गोंडा के एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है. उधर, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है.