ये रेट बताएगा मेरा… भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय ने स्टेज पर ही एंकर को मारा चप्पल, पुलिस में भी शिकायत

गोरखपुर में भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय ने स्टेज पर एंकर को चप्पल मार दी, क्योंकि एंकर ने उनके लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस घटना के बाद निशा ने एसएसपी गोरखपुर से मिलकर एंकर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

वकील के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची निशा उपाध्याय Image Credit:

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भोजपुरी की मशहूर सिंगर निशा उपाध्याय के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है. यहां एक कार्यक्रम में परफार्म पहुंची निशा उपाध्याय के लिए एंकर ने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. इससे नाराज निशा उपाध्याय ने स्टेज पर ही एंकर को चप्पल मार दिया. घटना सोमवार की रात का है. वहीं मंगलवार की दोपहर निशा उपाध्याय ने इस संबंध में एसएसपी गोरखपुर से मिलकर आरोपी एंकर के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

वायरल हो रहे इस वीडियो निशा उपाध्याय गुस्से में एंकर की ओर चप्पल लेकर दौड़ती नजर आ रही हैं. हालांकि इस दौरान लोग बीच बचाव करते हुए उन्हें शांत कराते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी एंकर भोजपुरी कलाकार गोलू राजा का करीबी है. इस एंकर ने पहले निशा उपाध्याय को मंच पर ना बुलाने के लिए कहा, लेकिन आयोजकों ने उसकी बात अनसुनी कर दी. इसके बाद निशा उपाध्याय को मंच पर बुलाया गया और उन्होंने परफार्मेंस भी दी.

मंच से उतरते समय एंकर ने की टिप्पणी

आरोप है कि स्टेज पर प्रस्तुति देकर निशा उपाध्याय नीचे उतर रहीं थी. इसी दौरान एंकर ने उनके लिए आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. यह सुनते ही वह गुस्से से आग बबूला हो गई और पैरों से चप्पल निकालकर एंकर की ओर तेजी से दौड़ी. यह देखकर वहां लोग हक्का-बक्का रह गए. इसके बाद लोगों ने बड़ी मुश्किल से निशा उपाध्याय को शांत कराया. मंगलवार को इसी मामले में निशा उपाध्याय एसएसपी ऑफिस पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की.

जांच में जुटी पुलिस

निशा उपाध्याय की शिकायत पर एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. वहीं थाने की पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी एंकर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. निशा उपाध्याय ने एसएसपी ऑफिस से बाहर निकलकर मीडिया से बात की. कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि पुलिस इस मामले में उनके साथ न्याय करेगी.