मां की हो रही थी तेरही, तभी बड़े भाई ने मार दी छोटे को गोली; हैरान कर देगी वजह

गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. मां की तेरही के कार्यक्रम के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मारकर हत्या कर दी. घटना पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण गांव की है. ब्रह्मभोज के खर्चे को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ था, जो खूनी अंजाम तक पहुंच गया. 23 वर्षीय मृतक की अगले साल शादी होने वाली थी. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

बड़े भाई ने छोटे की गोली मारकर की हत्या

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात मंगलवार की दोपहर का है. उस समय इनकी मां की तेरही का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत जान लेने देने तक पहुंच गई.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद बताया कि इस गांव में रहने वाले कमल शर्मा की पत्नी का ब्रह्मभोज था. इसी दौरान उनके बेटों दिग्विजय शर्मा और सत्य प्रकाश उर्फ शुभम में विवाद हो गया. इसी दौरान दिग्विजय ने सत्यप्रकाश को गोली मार दी. इससे मौके पर ही सत्यप्रकाश की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अगले साल होने वाली थी शादी

परिजनों के मुताबिक मृतक 23 वर्षीय सत्य प्रकाश उर्फ शुभम शर्मा की पिछले ही महीने इंगेजमेंट हुई और अगले साल फरवरी 2027 में उसकी शादी होनी थी. घटना की सूचना जब उसकी होने वाली ससुराल पहुंची तो वह भी मौके पर पहुंची और चीखने चिल्लाने लगी. पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया. पुलिस ने उसकी तलाश में टीमों का गठन किया है.

खर्चे को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक मां के निधन के बाद चारों भाइयों ने मिलकर मंगलवार को ब्रह्मभोज का आयोजन किया था. इस आयोजन में हुए खर्चे को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ और देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ले ली. इस वारदात के बाद से ही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. गोरखपुर में एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र नाथ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी की तलाश में अलग अलग टीमों गठन किया गया है.

Follow Us