25 शादियां कर चुका है फर्जी IAS: 26वीं शादी करने आया था गोरखपुर, लेकिन घर पर शौचालय तक नहीं है
गोरखपुर में 11 मार्च को शादी करने आया प्रीतम निषाद नाम का शख्स बहुत बड़ा जालसाज निकला. वह अब तक 25 शादियां कर चुका है. इसके जरिए लाखों रुपये ठग चुका है. खुद को मनिकपुर का एसडीएम बताने वाले इस फेक आईएस ने अब 26वीं शादी कर गोरखपुर के एक परिवार को अपना शिकार बनाया है.
गोरखपुर के कैंट इलाके में एक लड़की से फर्जी IAS बनकर शादी करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस अब शातिर फर्जी आईएस प्रीतम निषाद की गिरफ्तारी के लिए उसके गृह जिला इटावा रवाना हो गई है. इस केस में प्रीतम की बहन,जीजा और परिवार के अन्य लोग भी आरोपी बनाए गए हैं. वह इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के लुधियात मोहल्ले का रहने वाला है. खुद को मानिकपुर का एसडीएम बताता है.
अब तक 25 शादियां कर चुका है फर्जी आईएस
पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की तो हैरान रह गई. दरअसल, अपने आपको आईएस बताने वाला प्रीतम निषाद असल में बहुत बड़ा जालसाज निकला. वह अब तक 25 शादियां कर चुका है. इसके जरिए लाखों रुपये ठग चुका है. उसके नाम इटावा के इकदिल थाने में पहले से ही दो युवतियों ने मुकदमा दर्ज करा रखा है. अब उसने 26वीं शादी कर गोरखपुर के एक परिवार को अपना शिकार बनाया है.
पीड़ित परिवार सदमें में
पीड़ित परिवार जब आरोपी के घर पहुंचे तो उन्हें अपने साथ हुए फर्जीवाड़े की जानकारी हुई. फिलहाल, पीड़ित परिवार अपने साथ लड़की को वापस ले आया. फिलहाल, शादी में 30 लाख रूपये से अधिक खर्च होने के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं. पीड़ित लड़की के पिता पैरालाइज्ड हैं, उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है, दो बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी है.
फर्जी आईएस के घर पर शौचालय तक नहीं है
लड़की के परिवार वाले उसपर विश्वास करें, इसके लिए फर्जी IAS ने उन्हें एक पुराने इंटरव्यू का वीडियो भी भेजा. कुछ नेताओं के हाथों सम्मानित होने का फोटो भी उन्हें भेज कर विश्वास में लिया. अब जब असलियत सामने आई तो पता चला कि खुद को मानिकपुर का एसडीएम बताने वाली फर्जी के घर पर शौचालय तक नहीं है. लेकिन फर्जीवाड़े में उसे महारत हासिल है. अब कैंट पुलिस उसकी संभावित ठिकानों का पता करके उसकी गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर से निकल चुकी है.
पीड़ित लड़की के घर सन्नाटा पसरा हुआ है
फर्जीवाड़े का शिकार होने के बाद गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित पीड़ित लड़की के घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है लड़की के पिता का कहना है कि बारात में 20 से 30 की संख्या में बाराती आए थे. इसमें फर्जी IAS के शातिर दीदी और जीजा के साथ पिता और बच्चे शामिल थे. प्रीतम निषाद ने दूल्हा बनने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी. शाम के समय हुए शादी कार्यक्रम में वह शेरवानी पहन कर आया था. इतना ही नहीं रात को सात फेरे लेने से पहले भी उसने कपड़े बदले थे.
समाज के ग्रुप में आया था फर्जी आईएस का रिश्ता
लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी दिल्ली में रहती है. उसने बताया था कि हम लोगों के समाज के लोगों का एक ग्रुप है. इसमें अपनी समाज के लोग जुड़े रहते हैं. इसी ग्रुप में ही फर्जी IAS प्रीतम निषाद का प्रोफाइल आया था, जो हमें पसंद आया. इसके बाद बड़ी बेटी ने प्रीतम से छोटी बेटी के शादी के लिए बात की थी. फिर कॉल पर मुझसे भी बात करवाई थी. वह दिसंबर 2025 में गोरखपुर आया था. उससे बातचीत हुई. उसने भी मेरी बेटी को देखते ही पसंद कर लिया.
शादी के खर्च के नाम पर 15 लाख रुपए लिए
पीड़ित लड़की के पिता ने आगे बताया कि बात आगे बढ़ने पर मेरे परिवार के लोग उसके बारे में जानकारी के लिए इटावा गए. प्रीतम ने हमें लुधियात में 2 बीएचके घर दिखाते हुए बताया था कि यह उसकी बहन का मकान है. उसने यह भी कहा था कि उसका गांव पिछड़ा है, इसलिए वह उधर कम ही जाता है. साथ ही प्रीतम ने यह भी बताया था कि लुधियात से उसका गांव तकरीबन 32 किलोमीटर दूर है. वह अपने गांव का पहला और एकमात्र आईएस है. फिर उसकी बातों में आकर हमने 11 मार्च को 2026 को बेटी की शादी की तारीख तय कर दी. उसने शादी के खर्च के नाम पर भी हमसे 15 लाख रुपए भी ले लिए.
शादी के 4 दिन पहले भी गोरखपुर आया था फर्जी आईएस
लड़की के पिता ने बताया कि प्रीतम शादी के चार दिन पहले 7 मार्च को गोरखपुर आया था. वह जिस कार का इस्तेमाल कर रहा था उसपर भारत सरकार लिखा था. उसके साथ एक असिस्टेंट भी था. उसने घर आकर अपनी शादी का कार्ड दिया. जब लड़की के पिता ने यह पूछा कि कार्ड लेकर आने की क्या जरूरत थी तो उसने बताया कि गोरखपुर में उसके समाज के कैबिनेट मंत्री और सांसद को शादी का कार्ड देना है. उसने कहा कि पुलिस के अधिकारियों को भी कार्ड देने है इसलिए वह गोरखपुर आया है.
युवक के फर्जी आईएस होने का ऐसे हुए खुलासा
लड़की के पिता की मानें तो प्रीतम के गांव से एक शख्स का कॉल उनके मोबाइल पर आया था. उसने बताया कि प्रीतम गांव से भागा हुआ है. वह 25 शादियां झूठ बोलकर इससे पहले कर चुका है. यह 26वीं शादी है. फिलहाल गोरखपुर की कैंट पुलिस आरोपी फर्जी IAS और उसके परिवार वालों को पकड़ने के लिए गोरखपुर से निकल चुकी है. आरोपी के पकड़े जाने के बाद और जानकारी मिल पाएगी.
