2 अप्रैल से 13 मई तक यूपी की कई ट्रेनें रहेंगी कैंसिल, रूट भी बदले गए, जाने क्यों?

उत्तर रेलवे के लखनऊ खंड में प्रस्तावित स्लीपर सेल बदले जाने के कार्य के चलते 2 अप्रैल से 13 मई तक कई ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है. वहीं, कुछ के रूट में भी बदलाव किया गया है. ऐसे में अगर आप भी इन तारीखों को ट्रैवेल करने का प्लान कर रहे हैं, तो कैंसिल और डायवर्टेड ट्रेनों का लिस्ट देख लें.

यूपी में कई ट्रेनें रहेंगी कैंसिल

रेल पटरियों को मजबूती देने के लिए कानपुर और लखनऊ के बीच स्लीपर बिछाने का काम शुरू किया जाना है. ऐसे में रेलवे को इस रूट पर चलने वाली अपनी कई ट्रेनों को कैंसिल करनी पड़ी. साथ ही कुछ ट्रेनों के रूट में भी तब्दीली की गई है. स्लीपर बदले जाने के दौरान उत्तर रेलवे के लखनऊ खंड में पुल संख्या 110 पर हैवी ट्रैफिक रहेगा. साथ ही पावर ब्लॉक भी किया जाएगा.

इन ट्रेनों का रूट बदला

रेलवे ने इटावा आने वाली आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटर सिटी और नई दिल्ली-लखनऊ शताब्दी का ठहराव 2 अप्रैल से 13 मई तक के लिए बदल दिया है. इसके अलावा नई दिल्ली से मुरादाबाद होते हुए लखनऊ जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस 3 अप्रैल से इटावा हो कर जाएगी. पहले यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल होकर लखनऊ पहुंचती थी, लेकिन स्लीपर बदने जाने के कार्य के चलते इसके रूट में भी बदलाव कर दिया गया है.

गाड़ी संख्या 12004 लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस का भी दो अप्रैल से 13 मई तक का रूट परिवर्तित कर दिया गया है. नई दिल्ली से कानपुर होते हुए लखनऊ जाने वाली ये ट्रेन अब 13 अप्रैल तक गाजियाबाद, मुरादाबाद होकर लखनऊ पहुंचेगी. वहीं, गाड़ी संख्या 12469 कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी एक्सप्रेस अप्रैल में 3, 8, 10, 15, 17, 22, 24, 29 और मई में 1, 6, 8, 13 तारीख तक कानपुर सेंट्रल से इटावा होते हुए दिल्ली अंबाला कैंट जाएंगी.

अब तक कानपुर सेंट्रल-जम्मूतवी एक्सप्रेस उन्नाव, बालामऊ, हरदोई, शाहजहानपुर, बरेली, मुरादाबाद, लक्सर, सहारनपुर होते हुए दिल्ली अंबाला कैंट पहुंचती थी. इसके अलावा गाड़ी संख्या 12180 आगरा इंटर सिटी एक्सप्रेस, जो पहले यमुना ब्रिज, टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झीझक, रूरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल , उन्नाव होकर लखनऊ जाती है. अब यह ट्रेन इस रूट की बजाय दो अप्रैल से 13 मई तक आगरा फोर्ट से मथुरा, कासगंज, शाहजहांपुर होकर लखनऊ जाएगी.

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे ने ट्रेन नंबर 54101-02 प्रयागराज संगम-कानपुर अनवरगंज पैसेंजर, 14101-02 प्रयागराज संगम-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस 2 अप्रैल से 13 मई तक रद्द करने का फैसला लिया है. इसके अलावा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ मेमू, रायबरेली-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर, कानपुर सेंट्रल-लखनऊ मेमू, उतरेटिया-कानपुर सेंट्रल मेमू, प्रयागराज संगम-अनवरगंज पैसेंजर, सीतापुर सिटी-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर, अनवरगंज-प्रयागराज संगम पैसेंजर, लखनऊ-कासगंज पैसेंजर और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ इंटरसिटी समेत कई अन्य ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी.

Follow Us