पहले मारी गोली, फिर चाकू से वार… गोरखपुर में मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की हत्या
गोरखपुर में पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या कर दी गई है. उनपर 6 हमलावरों ने उनके घर से तकरीबन 500 मीटर दूरी पर हमला किया. घायल होने के बाद वह तकरीबन 100 मीटर तक अपनी जान बचाने के लिए भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर फिर हमला किया और मौत के घाट उतार दिया.
गोरखपुर में आज यानी मंगलवार की सुबह टहलने निकलने पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान को 6 हमलावरों ने घेरकर गोली मार दी. इसके अलावा पार्षद पर चाकू से भी वार किया गया. घायल अवस्था में पार्षद को परिवार के लोग इलाज के लिए मेडिकल कालेज लेकर गए. यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह पूरा मामला गोरखपुर के चिलूवाताल थाना क्षेत्र के बरगदवा का है. एहतियातन के तौर पर पुलिस ने इलाके पुलिस बल तैनात कर दिया है.
घर से 500 मीटर दूरी पर किया गया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राजकुमार चौहान पर यह हमला उनके घर से तकरीबन 500 मीटर दूरी पर किया गया. घायल होने के बाद वह तकरीबन 100 मीटर तक जान बचाने के लिए भागे, लेकि हमलावरों ने पीछा कर फिर हमला किया. राजकुमार चौहान के सिर, सीने और चेहरे पर चाकू से 20 से ज्यादा वार किए गए हैं. साथ ही उनको गोली भी मारी गई है.
हत्या की सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
राजकुमार चौहान की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पति की मौत की सूचना पर पत्नी सुशीला बेहोश हो गई. घटना के बाद भारी संख्या में राजकुमार चौहान के समर्थक जुट गए. गोरखपुर-सोनौली रोड जाम कर हंगामा किया गया. हालांकि, स्थिति संभालने के लिए 10 थानों की पुलिस को मौके पर रवाना किया गया. किसी तरह गोरखपुर-सोनौली रोड को फिर खुलवाया गया.
क्या 2027 का चुनाव लड़ना चाहते थे राजकुमार?
राजकुमार चौहान को लेकर कहा जा रहा है कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव भी लड़ने की तैयारी कर रहे थे. उन्हें राज्यसभा सांसद राधामोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था. उन्होंने 5 दिन पहले एक रील भी पोस्ट की थी, जिसमें राधामोहन दास अग्रवाल भी नजर आए थे. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
हर संभावित एंगल पर पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि राजकुमार चौहान प्रॉपर्टी के बिजनेस से जुड़े थे. ऐसे में उन्हें शक है कि प्रापर्टी के किसी विवाद में हत्या की गई. सुपारी किलिंग की भी आशंका है. हालांकि, वे हर संभावित एंगल पर इस घटना की जांच कर रहे हैं. जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.