हिस्ट्रीशीटर ने बना रखी थी फर्जी पुलिस टीम, खुद दरोगा बनकर दूल्हों को ऐसे बनाता था शिकार

गोरखपुर में शादी कराने के नाम पर युवकों के साथ ठगी करने वाले एक बड़े गैंग का खुलासा हुआ है.पुलिस टीम के मुताबिक इस गैंग का सरगना हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह है. वह पहले दलाल के जरिए हरियाणा और राजस्थान के लड़कों को शादी का लालच देता था. फिर जब शादी हो रही होती है, उसी बीच खुद इंस्पेक्टर और साथियों के फर्जी टीम के साथ एंट्री करता था. इसके बाद दूल्हे और उसके परिवार वाले को धमका डरा कर उनसे पैसे वसूल करता था.

फेक दरोगा बने हिस्ट्रीशीटर ऐसे खुला खेल Image Credit:

गोरखपुर के चिलुआताल इलाके का शातिर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह खुद फर्जी इंपेक्टर बन गया. साथ ही अन्य चार लोगों को ट्रेनिंग देकर पुलिस का कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल बनाया था. ऐसा उसने फर्जी शादी के जरिए पैसा हड़पने की योजना को अंजाम देने के लिए किया. इसके लिए उसने नाचने गाने वाली लड़कियों को रुपए का लालच देकर दुल्हन बनाने के लिए तैयार किया था. रिश्तेदार के रूप में एक महिला को मौसी का रोल दिया था.

हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह ने अपनी टीम में हरियाणा की दलाल राजू शर्मा को शामिल किया था. इसका काम हरियाणा और राजस्थान में अधिक उम्र की कुंवारे लड़कों को खोजना था. फिर उन्हें यूपी और बिहार में अच्छी शादी कराने का विश्वास दिलाता था. जब वह शादी के लिए तैयार हो जाते थे तो उन्हें लेकर गोरखपुर के चिलूवाताल स्थित हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह के घर लाता था.

युवकों को ऐसे फांसता था हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह

यहां पर दूल्हे के परिवार के सामने एक लड़की बाकायदा जयमाल भी कराया जाता था. इसके बाद हिस्ट्रीशीटर अंकुर सिंह खुद इंस्पेक्टर और साथियों के फर्जी टीम के साथ एंट्री करता था. इसके बाद दूल्हे और उसके परिवार वाले को धमका डरा कर उनसे पैसे वसूल करता था. राजस्थान के एक युवक की शिकायत के बाद इस गैंग का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस को लुटेरी दुल्हन की तलाश

वहीं, पुलिस के पहुंचने के पहले ही लुटेरी दुल्हन फरार हो गई है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि लुटेरी दुल्हन फतेहपुर की रहने वाली है. वह गोरखपुर में कूड़ाघाट इलाके में किराए का कमरा लेकर रहती थी. पुलिस की एक टीम को फतेहपुर भी रवाना किया गया है. लुटेरी दुल्हन लगातार अपना ठिकाना बदल रही है.

बार-बार ठिकाना बदल रही है लुटेरी दुल्हन

मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस कूड़ाघाट स्थित उसके किराए के मकान तक पहुंची. मकान मालिक और अगल-बगल के लोगों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि, लुटेरी दुल्हन कई दिनों से यहां नहीं रह रही है. घटना के बाद से ही वह अचानक रुम छोड़कर फरार है. पुलिस को संदेह है कि वह अपने गैंग के अन्य सदस्यों के संपर्क में है. बार-बार ठिकाना बदल रही है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वह इस तरह की घटनाओं में पहले भी शामिल रह चुकी है.

पुलिस की जांच जारी

वहीं, इस मामले में एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी युवती की गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी गई है. जल्दी उसे गिरफ्तार कर इस पूरे गैंग के नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा. फिलहाल, पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है, इस गिरोह के सदस्यों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है. इस गिरोह के सात सदस्यों को पहले ही जेल भेज दिया गया है.

Follow Us