‘घर से उठाकर BJP नेता का एनकाउंटर हुआ’, UP पुलिस पर MLC देवेंद्र सिंह का बड़ा आरोप

आजमगढ़ में भाजपा बूथ अध्यक्ष अभिषेक सिंह के कथित एनकाउंटर पर एमएलसी देवेंद्र सिंह ने सीएम योगी को पत्र लिखा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभिषेक को घर से उठाकर फर्जी मुठभेड़ में पैर में गोली मारी और सबूत प्लांट किए. एमएलसी ने एसपी सहित सभी दोषी पुलिसकर्मियों के तत्काल निलंबन की मांग की है, चेतावनी देते हुए कहा है कि कार्रवाई न होने पर उनके पास 'प्लान बी' भी है.

एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बीजेपी नेता अभिषेक सिंह के एनकाउंटर पर पार्टी के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने इस एनकाउंटर का विरोध करते हुए सीएम योगी को पत्र लिखा है और एसपी समेत एनकाउंटर में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सस्पेंशन की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो उनके पास प्लान बी भी है. एमएलसी देवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि BJP के बूथ अध्यक्ष अभिषेक सिंह को पुलिस ने उनके घर से उठाया था और ले जाकर एनकाउंटर कर दिया.

बीजेपी नेता अभिषेक के पैर में गोली लगी है. मीडिया से बात करते हुए एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अभिषेक सिंह BJP के समर्पित कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष हैं. बीते 28 मार्च को अचानक सादी वर्दी में पुलिस उनके घर पहुंची. उस समय वह अपने घर में सो रहे थे. पुलिस ने उन्हें लूट के आरोप में अरेस्ट कर लिया और मारते पीटते तथा घसीटते हुए ले जाकर बंद कर दिया. फिर शाम को उनकी आंखों पर काली पट्टी बांधकर पैर में गोली मार दी गई और इसे एनकाउंटर बता दिया.

लूट दिखाने की कोशिश

एमएलसी ने कहा कि अभिषेक सिंह को लूटेरा साबित करने के लिए पुलिस ने अपने पास से एक चोरी का मोबाइल और लैपटॉप उनके पास रख दिया था. उन्होंने इस फर्जी एनकाउंटर का विरोध करते हुए रिववार को ही सोशल मीडिया के जरिए सीएम योगी को पत्र भेज दिया. उन्होंने बताया कि इस पत्र को उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी उत्तर प्रदेश को भी टैग किया है. वह पीड़ित के घर भी और अभिषेक के परिवार से बातचीत की.

गृह सचिव से की फोन पर बात

एमएलसी ने बताया कि उन्होंने पीड़ित अभिषेक के घर से ही अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद को फोन किया और उन्हें घटना की जानकारी दी. उस समय गृह सचिव ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है. इस पर एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लगता है कि संजय प्रसाद में दायित्व बोध का अभाव है. उन्होंने पूछा कि यदि आपको इस प्रकरण की जानकारी नहीं है तो आप अपर मुख्य सचिव गृह की कुर्सी पर क्यों बैठे हैं? एमएलसी ने कहा कि बूथ अध्यक्ष का एनकाउंटर एसपी की निर्देश पर हुआ है. इसलिए एसपी समेत एनकाउंटर में शामिल सभी पुलिसकर्मी सस्पेंड होने चाहिए.

Follow Us