अधूरे नाले में गिरकर मजदूर की मौत, पेट में आर-पार हुआ सरिया; हो गया एक्शन
गोरखपुर में निर्माणाधीन नाले में गिरने से 55 वर्षीय मजदूर हंसराज यादव की मौत हो गई. लापरवाही के कारण हुए इस हादसे में सरिया उनके पेट में आर-पार हो गया. घटना के बाद डीएम ने जांच कमेटी गठित की, जेई को निलंबित किया गया और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों में बैरिकेडिंग न होने को लापरवाही का मुख्य कारण बताया है.
उत्तर प्रदेश में सीएम सिटी गोरखपुर में एक फिर निर्माण कार्य में लापरवाही एक मजदूर के जीवन पर भारी पड़ गई. यहां निर्माणाधीन नाले में गिरने से एक 55 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. इस हादसे में नाले में निकला सरिया मजदूर के पेट में आर-पार हो गया. इसकी वजह से वह काफी देर तक तड़पता रहा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया है.
यह हादसा घटना स्थल पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरते हुए मजदूर की पहचान देवरिया के रहने वाले हंसराज के रूप में कराई है. यहां वह गोरखपुर के पादरीबाजार लक्ष्मीपुर चौराहा स्थित एक डेयरी में काम करता था. हादसा मंगलवार की शाम का है. उस समय वह सब्जी लेने के लिए निकला था और नाला पार करते समय यह हादसा हो गया.
जेई पर गिरी गाज
हादसे की जानकारी मिलने पर डीएम गोरखपुर ने मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया है. वहीं इस मामले में प्रशासन ने JE को सस्पेंड कर दिया है. पुलिस के मुताबिक देवरिया के रामपुर कारखाना के गौरा गांव निवासी 55 वर्षीय मजदूर हंसराज यादव यहां पादरी बाजार स्थित लक्ष्मीपुर चौराहे पर चौरसिया डेयरी में पिछले 4 वर्षों से नौकरी करता था. रोज की तरह डेयरी का काम खत्म होने के बाद सब्जी लेने चौराहे पर गया था. इसी दौरान व्यासनगर कालोनी वाले रोड पर बन रहे नाले को पार करते समय यह हादसा हो गया.
लापरवाही के साथ हो रहा विकास
स्थानीय लोगों के मुताबिक शहर में कई जगह काम चल रहा है. लेकिन कहीं भी बैरिकेडिंग नहीं की गई है. लोगों ने इस घटना के लिए लापरवाही को जिम्मेदार बताया है. क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. वहीं, डीएम गोरखपुर दीपक मीणा ने बताया कि संबंधित ठेकेदार फर्म CSIL के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने JE डीके सिंह को सस्पेंड करते हुए अस्सिटेंट इंजीनियर रंजन सिंह के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए है. इस मामले में प्रभारी अधिशासी अभियंता ध्रुव अग्रवाल से स्पष्टीकरण मांगा गया है.