जिसके साथ लिव-इन में थी मां, उसी के साथ भाग गई बेटी; थाने में महिला ने लगाई गुहार
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपनी लिव-इन पार्टनर की 19 वर्षीय बेटी को ही भगा ले गया. बेटी उसे 'पापा' कहकर बुलाती थी. मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. यह घटना रिश्तों की मर्यादा तोड़ने और विश्वासघात की दुखद मिसाल है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक जिस महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था, उसी की 19 साल की बेटी को भगा ले गया है. जानकारी होने पर युवती की मां ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. बताया कि उनकी बेटी आरोपी को पापा कह कर बुलाती थी, लेकिन उसने भी रिश्ते की मर्यादा तोड़ दी है.
महिला ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह गोरखपुर के हरपुरबुदहट थाना क्षेत्र की रहने वाली है. पूर्व में उसकी शादी हुई थी. उस शादी से उसे बच्चे हुए, लेकिन उसके पति ने उसे छोड़ दिया और दिल्ली में जाकर बस गया. ऐसे में उसने भी चार साल पहले पति का घर छोड़ कर अपनी बेटियों को लेकर आरोपी के साथ लिव-इन में रहने लगी. बताया कि आरोपी भी शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं. लेकिन वह उन्हें छोड़कर उसके साथ रह रहा था.
बेटियों की देखभाल करता था आरोपी
महिला ने बताया कि साथ रहने के बाद आरोपी ने उनकी बेटियों के लिए बाप का हर कर्तव्य निभाता था. आए दिन वह उसकी बेटियों को घुमाने ले जाता और हर डिमांड पूरी करता था. उसके बच्चे भी आरोपी को अपना बाप मानते थे, बल्कि आरोपी को पापा कह कर बुलाते थे. लेकिन अब आरोपी ने बहुत घिनौना काम किया है. उसने कहा कि पहले उसे शक तो हुआ, लेकिन वह सोचती थी कि बाप-बेटी का प्यार है. लेकिन घटना के बाद उसे बड़ा झटका लगा है.
15 मई की है वारदात
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 15 मई की शाम तक सबकुछ ठीक था, लेकिन रात को चुपके से दोनों घर से फरार हो गए. जानकारी होने पर उसने हर संभव तलाश की, लेकिन दोनों की कोई खबर नहीं मिली. क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह के मुताबिक महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है. जल्द ही आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया जाएगा.